श्रावण माह तथा कांवड़ यात्रा के मद्देनजर शनिवार को डीआईजी ने एसपी सहित भारी पुलिस फोर्स के साथ शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक रूट मार्च किया। भारी पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ मुस्तैद रहने और श्रद्धालुओं व आमजन के साथ विनम्र व्यवहार करने के निर्देश दिए।
पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस. और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के द्वारा रूट मार्च के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी और सुरक्षा इंतजामों को परखा गया। इसके बाद अधिकारियों ने बाम्बेश्वर मंदिर पहुंचकर श्रावण सोमवार को संभावित श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर मंदिर परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण समेत अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई। डीआईजी राजेश एस ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि श्रावण सोमवार और कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही न बरती जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करें। अधिकारियों ने आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने और जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। एसपी पलाश बंसल ने निर्देशित किया कि मंदिर परिसर में किसी भी हालत में श्रद्धालुओं का एक जगह जमावड़ा ना होने पाए। सिविल ड्रेस में भी सुरक्षा की निगरानी करते रहें। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टॉक समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा।