रेलवे पटरी के किनारे मिली मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला की पहचान कर उसे सुरक्षित आश्रय तक पहुंचाया गया। पुलिस टीम के एक महीने से अधिक समय तक किए गए प्रयासों से महिला के गृह जनपद का पता चला और उसे असम के वन स्टॉप सेंटर पहुंचाया गया।थाना बदौसा की मिशन शक्ति टीम ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत असम की रहने वाली महिला को सकुशल गुवाहाटी स्थित वन स्टॉप सेंटर पहुंचाकर सुपुर्द किया। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
14 सितंबर की शाम करीब छह बजे बदौसा पुलिस को सूचना मिली थी कि महुराई गांव में रेलवे पटरी के किनारे एक अज्ञात महिला बैठी है और आत्महत्या करने की आशंका है। सूचना मिलते ही मिशन शक्ति टीम मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर थाने आई। महिला अपना नाम-पता बताने में असमर्थ थी और मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही थी। इसके बाद उसे आवश्यक देखभाल और संरक्षण के लिए नियमानुसार वन स्टॉप सेंटर, बांदा भेजा गया।
महिला की पहचान कराने के लिए पुलिस टीम ने विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में उसकी तस्वीर साझा की और अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाने का प्रयास किया। टीम के सदस्य प्रतिदिन महिला से स्नेहपूर्वक बातचीत करते रहे, ताकि वह सहज महसूस करे और अपने बारे में जानकारी दे सके। लगातार प्रयासों के बाद महिला ने एक कागज पर अपना नाम और जनपद का नाम लिखकर बताया। इसके आधार पर पुलिस टीम ने असम पुलिस से संपर्क किया और वीडियो कॉल के माध्यम से महिला की पहचान कराई। महिला की पहचान रूपाली, पत्नी अमरेती, पुत्री अनिराम, निवासी चिमान चोकरे, जनपद धेमाजी, असम के रूप में हुई। इसके बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई पूरी कर महिला को गुवाहाटी स्थित वन स्टॉप सेंटर पहुंचाया गया। वहां महिला की देखभाल और पुनर्वास की व्यवस्था की गई है। वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से उसके परिजनों से संपर्क स्थापित कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। संवेदनशीलता से निभाई जिम्मेदारी
महिला की पहचान नहीं हो पाने के बावजूद मिशन शक्ति टीम ने उसकी सुरक्षा और देखभाल को प्राथमिकता दी। लगातार संवाद और प्रयासों के जरिए पहचान स्थापित कर उसे सुरक्षित आश्रय तक पहुंचाने में सफलता मिली। इनकी रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष बदौसा राजेश कुमार मौर्य, महिला उपनिरीक्षक निकिता चौहान, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, कांस्टेबल आलोक यादव तथा महिला कांस्टेबल निशा चौहान, आरती पटेल, सोनम, रूपा पटेल और बबली शामिल रहीं।