सर्पदंश की घटना में दो किशोर भाई-बहन की मौत हो गई। दोनों की अचानक हुई मौत से परिवार में मातम छा गया। घटना के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
मरका थाना क्षेत्र के पिंडारन गांव निवासी जयकरन की 17 वर्षीय बेटी अनूपा और 14 वर्षीय बेटा मोहित शुक्रवार को घर से दूर देवी दर्शन करने गए थे। करीब दो घंटे बाद दोनों घर लौटे और चारपाई पर लेट गए। कुछ देर बाद दोनों की हालत बिगड़ गई। परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो आनन-फानन में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, दोनों को सर्प ने डस लिया था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के दौरान मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर डॉक्टरों ने बिसरा सुरक्षित रख लिया है। अनूपा तीन बहनों में तीसरे नंबर पर थी और स्वर्गीय भोला प्रसाद इंटर कॉलेज में कक्षा नौ में पढ़ती थी। वहीं, मोहित कक्षा छह का छात्र था और भाई-बहनों में सबसे छोटा था। दोनों के पिता अहमदाबाद में मजदूरी करते हैं। अचानक हुई इस घटना से मां राजरानी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौत के बाद परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
एक साथ दो बच्चों की मौत से परिवार में मातम पसरा है। घटना से गांव के लोग भी दुखी हैं और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। थाना प्रभारी सुबेदार बिंद ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।