महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-6 अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और आपात स्थिति में पुलिस सहायता प्राप्त करने के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र राजेश एस. और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के नेतृत्व में रविवार को मिशन शक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला संबंधी अपराधों से बचाव, साइबर अपराध, ऑनलाइन उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और छेड़छाड़ की घटनाओं के प्रति सतर्क रहने की जानकारी दी गई। उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
महिला हेल्पलाइन 1090, यूपी-112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। करियर काउंसलिंग और शासन की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया गया। नवरात्रि के प्रथम दिन डीआईजी और एसपी ने भारी पुलिस बल के साथ शहर में पैदल गश्त की। रेलवे स्टेशन, प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। दुर्गा प्रतिमा पंडालों का निरीक्षण कर आयोजकों को अग्नि सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा और अन्य जरूरी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डीजे संचालकों और आयोजकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग करने तथा शासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया। नियमों का उल्लंघन या लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से संवाद कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया और श्रद्धालुओं से आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। दस दिनों तक चलेगा विशेष अभियान
शारदीय नवरात्रि के दौरान मिशन शक्ति फेज-6 के तहत आगामी दस दिनों तक महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान में शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। पैदल गश्त में ये अधिकारी रहे शामिल
अभियान और पैदल गश्त के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवराज, क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह और क्षेत्राधिकारी सदर प्रतिज्ञा सिंह सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।