दुकान के विवाद में मकान मालिक पर बोतल में भरकर ज्वलनशील पदार्थ डाल दिया। जिससे वह गम्भीर रूप से झुलस गया। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि शुक्रवार को थाना कोतवाली नगर क्षेत्रांतर्गत खुटला रहुनिया के रहने वाले संतोष पुत्र उमाशंकर ने दुकान के पुराने विवाद को लेकर मकान मालिक साजू प्रसाद के ऊपर ज्वेलरी में इस्तेमाल किये जाने वाले ज्वलनशील पदार्थ डाल दिया था। जिससे साजू गम्भीर रूप से झुलस गया था। गम्भीर अवस्था मे तत्काल उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उसका उपचार जारी है। वर्तमान में पीड़ित की स्थिति सामान्य है। प्रकरण में पीड़ित के पुत्र विकास की तहरीर पर थाना कोतवाली नगर में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए अभियुक्त संतोष को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त ज्वलनशील पदार्थ की टूटी हुई कांच की बोतल भी बरामद की गई है। पूछताछ में अभियुक्त द्वारा ज्वेलरी में इस्तेमाल किये जाने वाले ज्वलनशील पदार्थ को व्यक्ति के ऊपर डालना स्वीकार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त को पुलिस ने जेल भेज दिया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में निरीक्षक अपराध प्रभुनाथ यादव,शुभम कौशिक चौकी प्रभारी कालवनगंज,आलोक सोनकर,विकास कुमार,विवेकानन्द शामिल रहे।