चोरी की ट्रैक्टर ट्राली के साथ एसओजी तथा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतर्जनपदीय गैंग को पकड़ा है। वही एक अभियुक्त पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा। जिसकी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है।
सीओ बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि दिनांक 23.06.2026 को कस्बा बिसंडा से एक ट्रैक्टर व ट्राली व 03.07.2026 को बिसंडा पारा से एक ट्राली चोरी की घटना की सूचना थाना बिसंडा पर प्राप्त हुई थी। जिसके सम्बन्ध में थाना बिसंडा पर अभियोग पंजीकृत किया गया था। तथा अभियुक्तों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में शनिवार की रात को गश्त एवं चेकिंग के दौरान थाना बिसंडा व एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे पुल के नीचे से 02 अंतर्जनपदीय अभियुक्त जयचन्द्र पुत्र प्रेमचन्द्र निवासी निवासी गड़रियन का पुरवा थाना डलमऊ जनपद रायबरेली,मोहम्मद नफीस पुत्र मोहम्मद सफीक निवासी कोरौली थाना गदागंज जनपद रायबरेली को चोरी के ट्रैक्टर व ट्राली के साथ गिरफ्तार किया गया है। जबकि एक अन्य अभियुक्त रज्जन पुत्र रामबहादुर निवासी नेवाजगंज थाना डलमऊ जनपद रायबरेली अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। कड़ाई से पूछताछ करने पर अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि उन्होंने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर दिनांक 22.06.2026 की रात्रि में कस्बा बिसण्डा स्थित एक ट्रेडर्स के गैराज से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की थी। साथ ही यह भी बताया कि उन्होंने 27.06.2026 की रात्रि में थाना बिसण्डा क्षेत्र के ग्राम पारा बिहारी से एक ट्रॉली चोरी कर उसे बेच दिया था। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी का ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रॉली बिक्री से प्राप्त 20 हजार रुपए नगद व एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिन्दा कारतूस बरामद हुए हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में चन्द्रप्रकाश तिवारी थानाध्यक्ष बिसंडा,एसओजी प्रभारी आनंद कुमार सिंह,उप निरीक्षक पवन कुमार पाण्डेय,श्याम बहादुर सिंह,आरक्षी महेश्वरी प्रसाद त्रिपाठी,अश्वनी प्रताप सिंह एसओजी,प्रतीक सिंह एसओजी,अमित त्रिपाठी एसओजी,ऋषभ कुमार एसओजी,अनूप कुमार शामिल रहे।