बाँदा-मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, महिला को 20 हजार में बेचने का आरोप

SHARE:

मानव तस्करी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला को सकुशल रेस्क्यू किया है। मामले में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।
जनपद के थाना बदौसा क्षेत्र के ग्राम हड़हामाफी में महिला की खरीद-फरोख्त की सूचना मिलने के बाद एएचटीयू पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। 19 अगस्त को डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोगों द्वारा एक महिला की खरीद-फरोख्त की गई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने महिला का बयान दर्ज कराया और चिकित्सीय परीक्षण के बाद उसे सकुशल वन स्टॉप सेंटर भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। लगातार दबिश और तलाश के बाद 20 अगस्त को एएचटीयू पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बड़ोखर खुर्द बाईपास चौराहा के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी विनय ने पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात उक्त महिला से छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक लोहे की कंपनी में काम करने के दौरान हुई थी। आरोप है कि वह महिला को रायपुर से बांदा लेकर आया और ₹20 हजार में रामभवन को सौंप दिया। रुपये पूरे न मिलने पर बाद में महिला को गरीबदास को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार पूरे घटनाक्रम में उदित उर्फ लक्कू ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई।
चारों आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में विनय पुत्र नत्थू, रामभवन पुत्र सुभाष, गरीबदास पुत्र रामआसरे और उदित उर्फ लक्कू पुत्र उदयभान, सभी निवासी ग्राम हड़हामाफी थाना बदौसा, बांदा शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। थाना एएचटीयू में मु0अ0सं0 02/26, धारा 143(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार, उपनिरीक्षक अनिल कुमार उपाध्याय और कांस्टेबल प्रशांत यादव शामिल रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई