बाँदा-अपराध नियंत्रण से लेकर चुनावी तैयारियों तक, डीआईजी ने कसी लगाम

SHARE:

अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों की मासिक समीक्षा की गई। बैठक में गंभीर अपराधों के खुलासे, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी और अपराधियों की गिरफ्तारी सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। आगामी विधानसभा चुनाव और विभिन्न पर्वों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए।
परिक्षेत्रीय कार्यालय के सभागार में सोमवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक राजेश एस. की अध्यक्षता में अपराध एवं कानून-व्यवस्था की मासिक समीक्षा गोष्ठी आयोजित हुई। इसमें चित्रकूटधाम परिक्षेत्र के चारों जनपदों में अपराधों की स्थिति और पुलिस कार्रवाई की समीक्षा की गई। डीआईजी ने यक्ष ऐप के प्रभावी क्रियान्वयन, हिस्ट्रीशीटरों एवं अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के सत्यापन, गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी, अग्नि सुरक्षा, मीडिया रिस्पॉन्स, जनसुनवाई और थानों में जब्त वाहनों व माल के निस्तारण की प्रगति पर जानकारी ली। सीसीटीएनएस में 60 और 90 दिनों से लंबित विवेचनाओं, ई-साक्ष्य, ई-समन, ऑपरेशन कन्विक्शन, एनडीपीएस एक्ट की धारा 68ई और 68-एफ, साइबर अपराधों तथा आई-गॉट प्रशिक्षण की भी समीक्षा की गई। जनपदों के टॉप-10 अपराधियों, मफरूर और घोषित अपराधियों के खिलाफ की गई कार्रवाई पर चर्चा करते हुए चिन्हित मफरूर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित करने के निर्देश दिए गए।
चुनाव और त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के साथ कार्तिक पूर्णिमा, अमावस्या, डॉ. भीमराव आंबेडकर महापरिनिर्वाण दिवस और क्रिसमस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। डीआईजी ने धार्मिक स्थलों, मंदिरों, गिरजाघरों और प्रमुख आयोजन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में निगरानी, प्रभावी गश्त और फुट पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ यातायात एवं भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था करने को कहा।
सोशल मीडिया पर सतर्क दृष्टि रखने और अफवाहों व भ्रामक सूचनाओं का तत्काल खंडन करने के निर्देश दिए गए। स्थानीय अभिसूचना तंत्र को सक्रिय रखने तथा संबंधित अधिकारियों को लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था का पर्यवेक्षण करने को कहा गया।
अपराध नियंत्रण और जवाबदेह पुलिसिंग पर जोर
डीआईजी राजेश एस. ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंभीर अपराधों का त्वरित अनावरण, प्रभावी विवेचना, वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण प्राथमिकता से किया जाए। महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, सड़क सुरक्षा और जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं जनोन्मुखी बनाया जाए। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और जनता की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। बैठक में पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल, पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक हमीरपुर मृगांक शेखर पाठक और पुलिस अधीक्षक महोबा शशांक सिंह उपस्थित रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई