बाँदा-मंडलीय समीक्षा बैठक में आयुक्त सख्त, खाद से लेकर पेयजल और बिजली व्यवस्था सुधारने के निर्देश

SHARE:

जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को अब जवाबदेही निभानी होगी। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराने, किसानों को खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया। कई विभागों की धीमी प्रगति पर सुधार के निर्देश दिए गए।
आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को आयुक्त कार्यालय सभागार में मंडल स्तरीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें मंडल के चारों जनपदों में संचालित विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। जिन योजनाओं की प्रगति कम है, उनमें विशेष प्रयास कर निर्धारित लक्ष्य पूरा किया जाए।
रानी लक्ष्मीबाई योजना के तहत पात्र छात्राओं को स्कूटी वितरण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने कहा कि लाभार्थियों का चयन पारदर्शिता से किया जाए और वितरण से जुड़ी सभी तैयारियां समय से पूरी हों। कोई भी पात्र छात्रा योजना के लाभ से वंचित नहीं रहनी चाहिए। सोलर स्ट्रीट लाइट योजना में बांदा और चित्रकूट की प्रगति बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
खाद की किल्लत और बिजली की समस्या पर सख्ती
विद्युत विभाग की समीक्षा में अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए गए कि ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर खराब होने पर निर्धारित समय के भीतर दूसरा ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराकर बिजली आपूर्ति बहाल की जाए। विद्युत आपूर्ति रोस्टर और निर्धारित मानकों के अनुसार सुनिश्चित करने के साथ बिजली बिलों की त्रुटियों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। सहकारिता विभाग को मंडल की सभी सहकारी समितियों में पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने कहा कि संबंधित अधिकारी समितियों का नियमित निरीक्षण करें और किसानों को खाद प्राप्त करने में परेशानी नहीं होनी चाहिए। खाद वितरण में लापरवाही या किसानों को अनावश्यक परेशान करने की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जल जीवन मिशन और गौशालाओं की व्यवस्थाओं पर जोर
जल जीवन मिशन की समीक्षा में आयुक्त ने निर्देश दिए कि जिन गांवों में अभी तक पेयजल आपूर्ति नहीं पहुंची है, वहां प्राथमिकता से पानी पहुंचाया जाए। पाइपलाइन, नल और निर्माण कार्यों के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए। पशुपालन विभाग को टीकाकरण अभियान में सुधार लाने और गौशालाओं में चारा, पानी, साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को नियमित गौशाला निरीक्षण करने को कहा गया। नंदिनी और मिनी नंदिनी योजना की प्रगति की भी जानकारी ली गई।
स्वास्थ्य विभाग को जननी सुरक्षा योजना में बांदा की प्रगति सुधारने तथा पात्र महिलाओं को समय से लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। पेंशन योजनाओं के लंबित प्रकरणों का निस्तारण, फैमिली आईडी में त्रुटियों का सुधार और आईसीडीएस योजनाओं में बांदा व हमीरपुर की प्रगति बढ़ाने को कहा गया।
सड़कों की मरम्मत के लिए 15 दिन की समयसीमा
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में आयुक्त ने निर्माणाधीन सड़कों और मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए। खराब सड़कों पर तत्काल पैचवर्क कराने तथा डिवाइडरों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगवाने को कहा, ताकि रात में वाहन चालकों को डिवाइडर स्पष्ट दिखाई दें। जिलाधिकारी चित्रकूट द्वारा कुछ सड़कों के कार्य लंबित होने की जानकारी देने पर संबंधित अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर काम पूरा कराने के निर्देश दिए गए। पंचायती राज विभाग को ग्राम पंचायतों में कॉमन सर्विस सेंटर और पंचायत भवन सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। पंचायत भवनों में पंचायत सचिव, लेखपाल और अन्य संबंधित कर्मचारियों की निर्धारित दिवसों पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा खंड विकास अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने को कहा गया। श्रम विभाग को मातृत्व योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक शीघ्र पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
जनगणना और मतदाता सूची में नाम जोड़ने पर जोर
आयुक्त ने जनगणना-2027 के तहत स्वगणना कार्य में तेजी लाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। आगामी निर्वाचन के दृष्टिगत नए पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। बीएलओ के माध्यम से पात्र युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया गया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे। बैठक में जिलाधिकारी बांदा अमित आसेरी, जिलाधिकारी चित्रकूट पुलकित गर्ग, जिलाधिकारी हमीरपुर सहित मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई