पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 127 ग्राम स्मैक और 10 किलो गांजा बरामद किया गया है। आरोपी बाराबंकी से नशीले पदार्थों की खेप लाकर कानपुर के विभिन्न इलाकों के अलावा गोरखपुर और फैजाबाद तक सप्लाई करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में कानपुर के बजरिया क्षेत्र के कर्नलगंज निवासी आशु सोनकर उर्फ इलाहाबादी तथा बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र के सुधिया मऊ निवासी मुन्ना और जैतपुर निवासी रामचंद्र व मकसूद शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक आशु बाराबंकी से नशीले पदार्थ लाकर बिठूर, बारादेवी और चुन्नीगंज समेत शहर के अलग-अलग इलाकों में पहुंचाता था। वहीं रामचंद्र का नेटवर्क गोरखपुर, फैजाबाद और आसपास के जिलों तक फैला हुआ था। स्मैक के लिए इस्तेमाल करते थे कपड़ा कोडवर्ड
पुलिस के मुताबिक तस्कर स्मैक को कोड भाषा में कपड़ा कहते थे। एक ग्राम स्मैक को एक मीटर बताकर उसका हिसाब रखा जाता था। एक ग्राम स्मैक से 12 से 14 पुड़िया तैयार कर प्रत्येक पुड़िया 300 रुपये या उससे अधिक में बेची जाती थी। क्यूआर कोड से होता था भुगतान
नशीले पदार्थों की बिक्री के बाद भुगतान लेने के लिए कई बार सामुदायिक सेवा केंद्रों के माध्यम से रुपये मंगवाए जाते थे। इसके लिए खरीदारों को क्यूआर कोड भेजा जाता था। पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि नशीले पदार्थों की खेप कहां से आती थी और किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जाती थी, इसका पता लगाया जा सके।