बाँदा-गैंगस्टर एक्ट में चार दोषियों को पांच-पांच साल की सजा, 24 हजार रुपये जुर्माना

SHARE:

गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में विशेष गैंगस्टर न्यायालय ने चार दोषियों को पांच-पांच वर्ष के कठोर कारावास और छह-छह हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड अदा नहीं करने पर प्रत्येक दोषी को तीन माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। न्यायालय ने दोषियों के जमानत एवं व्यक्तिगत बंधपत्र निरस्त कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में लेकर जेल भेजने का आदेश दिया।
यह फैसला 18 नवंबर 2026 को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश गैंगस्टर एक्ट कोर्ट संख्या-10 श्रीपाल सिंह ने विशेष सत्र परीक्षण संख्या 640/2021, राज्य बनाम सुरेश द्विवेदी उर्फ बाई आदि में सुनाया।
मामला नरैनी थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमा संख्या 111/2020 से संबंधित है।
इस मामले में सुरेश द्विवेदी उर्फ बाई निवासी करतल, कल्लू सिंह निवासी सिद्धपुर रगोली/करतल, नत्थू चमार और सोना प्रजापति निवासी करतल को दोषसिद्ध किया गया है। अभियोजन के अनुसार सुरेश द्विवेदी गिरोह का सरगना था और अन्य तीनों उसके सक्रिय सदस्य थे। गिरोह पर अपहरण, लूट, मारपीट, धमकी और अवैध असलहा रखने जैसी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होकर आर्थिक एवं भौतिक लाभ अर्जित करने के आरोप थे। अभिलेखों के मुताबिक 19 जुलाई 2020 को तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक गिरेंद्र सिंह पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान करतल क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यक्तियों से गिरोह की गतिविधियों की जानकारी मिली। पुलिस ने अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था।
गैंग चार्ट में नरैनी थाने के मुकदमा संख्या 273/2019 में अपहरण, लूट और चोरी की संपत्ति रखने से संबंधित धाराओं के अलावा मुकदमा संख्या 196/2019 में जबरन वसूली, मारपीट और अपमानित करने से संबंधित धाराओं का उल्लेख किया गया था। इन मुकदमों के आधार पर गैंग चार्ट तैयार कर सक्षम प्राधिकारी से अनुमोदित कराया गया था। मामले की विवेचना तत्कालीन थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने की। विवेचना के दौरान गैंग चार्ट, एफआईआर, पुलिस अभिलेख, अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास और आधारभूत मुकदमों से संबंधित दस्तावेजी साक्ष्य जुटाकर आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया गया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने मौखिक गवाहों के बयान और दस्तावेजी साक्ष्य न्यायालय के सामने प्रस्तुत किए। विशेष लोक अभियोजक गैंगस्टर एक्ट सौरभ सिंह ने प्रभावी पैरवी करते हुए अभियुक्तों के गिरोह से संबंध और संगठित आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता का पक्ष रखा। साक्ष्यों के समग्र परीक्षण के बाद न्यायालय ने चारों अभियुक्तों को दोषसिद्ध कर सजा सुनाई।
अभियोजन की प्रभावी पैरवी से मिली सफलता
विशेष लोक अभियोजक सौरभ सिंह की पैरवी और प्रस्तुत मौखिक एवं दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय में अभियोजन पक्ष सफल रहा। चारों दोषियों को पांच-पांच वर्ष के कठोर कारावास और छह-छह हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई।
इनका रहा महत्वपूर्ण सहयोग
मुकदमे में वादी तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक गिरेंद्र सिंह, विवेचक थाना प्रभारी अर्जुन सिंह, थाना नरैनी के पैरोकार कांस्टेबल प्रवीण कुमार, कोर्ट मोहर्रिर कांस्टेबल रघुनाथ मौर्य और महिला कांस्टेबल निरंजन राजपूत का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई