आगरा-शराबी पति ने पत्नी का तोड़ दिया हाथ, फिर भी पति को जेल भेजने से किया इनकार

SHARE:

शराब की लत और घरेलू हिंसा का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शराब पीने के लिए रुपये नहीं देने पर पति ने पत्नी की इतनी पिटाई कर दी कि उसके हाथ की हड्डी टूट गई। बहू को बचाने पहुंची अपनी मां को भी आरोपी ने पीट दिया। इसके बावजूद पत्नी ने पुलिस से पति को जेल न भेजने की गुहार लगाई।
घटना बुधवार को आंवलखेड़ा क्षेत्र में हुई। बताया गया कि महिला की ननद कुछ दिन पहले बच्चों के लिए रुपये देकर गई थी। पति ने वही रुपये शराब पीने के लिए मांगे। पत्नी ने बच्चों के लिए रखे रुपये देने से इनकार कर दिया तो पति ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पिटाई में महिला के हाथ की हड्डी टूट गई। बहू को पिटता देख सास बचाने पहुंची तो बेटे ने मां पर भी हाथ उठा दिया।
पहले भी चाकू से कर चुका है हमला
बताया गया कि आरोपी पति इससे पहले दिवाली पर भी पत्नी पर चाकू से हमला कर चुका है। उस समय बड़ी बहू ने बीच-बचाव कर महिला की जान बचाई थी। लगातार हिंसा के बावजूद महिला अपने पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं चाहती।
पुलिस चौकी पहुंचकर पति को बचाने की लगाई गुहार
टूटे हाथ के साथ पुलिस चौकी पहुंची महिला ने तहरीर दी, लेकिन पति को जेल भेजने से मना कर दिया। महिला का कहना था कि पति जेल चला गया तो वह और उसके बच्चे किसके सहारे रहेंगे। उसने पुलिस से पति को डांट-फटकार कर समझाने की गुहार लगाई। थाना प्रभारी बरहन आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि महिला कार्रवाई नहीं चाहती और केवल पति को समझाकर सुधारने की बात कह रही है।
बेटे की हरकत पर मां भी हुई दुखी
बहू को बचाने के दौरान मारपीट का शिकार हुई आरोपी की मां ने भी बेटे की हरकत पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि बेटे की ऐसी हरकतों से परिवार परेशान है।
पुलिस को दी गई तहरीर
महिला ने पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए तहरीर दी है। पुलिस के अनुसार महिला फिलहाल पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती और उसे समझाने की मांग कर रही है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई