अधिक शराब पीने के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रात में नशे की हालत में घर पहुंचे युवक ने पत्नी से पानी मांगा और फिर सो गया। सुबह देर तक नहीं जागा तो पत्नी ने उसे उठाने का प्रयास किया। कोई हरकत न होने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
कमासिन थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव के मछवाही पुरवा निवासी छोटे लाल ने बताया कि उसका 38 वर्षीय चचेरा भाई राजू पुत्र भूरा बुधवार की रात नशे की हालत में घर आया था। वह चारपाई पर लेट गया। रात में उसने पत्नी तुलसा से पानी मांगा। पानी पीने के बाद वह दोबारा सो गया। सुबह काफी देर तक नहीं जागा तो पत्नी ने आवाज लगाई, लेकिन कोई हरकत नहीं हुई। रजाई हटाकर देखा तो वह अचेत पड़ा था। शोर सुनकर परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। परिजन उसे लेकर बांदा के एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। छोटे लाल ने बताया कि राजू पुणे में रहकर पेंटिंग का काम करता था। वह दीपावली का त्योहार मनाने गांव आया था। बुधवार को उसे वापस पुणे जाना था। दोपहर में खाना बनवाकर वह घर से निकल गया था, लेकिन ओरन से वापस लौट आया। पत्नी ने टिकट का पैसा वापस कर दिया था। रात में एक युवक उसे शराब पीने के लिए बुलाकर ले गया था। छोटे लाल का कहना है कि अधिक शराब पीने से उसकी मौत हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुणे में करता था पेंटिंग का काम
मृतक राजू पुणे में रहकर पेंटिंग का काम करता था। दीपावली का त्योहार मनाने के लिए गांव आया हुआ था। बुधवार को उसे वापस काम पर लौटना था, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
युवक की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।