बाँदा-खाद-बीज वितरण में लापरवाही पर आयुक्त सख्त, बीज गोदाम प्रभारी से मांगा स्पष्टीकरण

SHARE:

किसानों को खाद एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उर्वरक की कालाबाजारी, जमाखोरी और निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली पर निगरानी रखी जाए। ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद किसानों को बीज के लिए परेशान करने की शिकायत पर संबंधित बीज गोदाम प्रभारी से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए हैं।
शनिवार को आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल बांदा अजीत कुमार ने नरैनी क्रय-विक्रय सहकारी समिति केंद्र का औचक निरीक्षण कर उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। केंद्र प्रभारी ने बताया कि केंद्र पर डीएपी और यूरिया की लगभग 10 से 15 बोरियां उपलब्ध हैं, जो मांग के सापेक्ष कम हैं। इसकी मांग उच्च स्तर पर भेजी गई है। वहीं एनपीके उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध बताया गया। मौके पर मौजूद किसानों ने खाद मिलने और वितरण व्यवस्था पर संतोष जताया। आयुक्त ने डीएपी और यूरिया की उपलब्धता बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास करने तथा सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता बांदा को केंद्र पर जल्द उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद की आपूर्ति मिलते ही किसानों की जरूरत के अनुसार वितरण किया जाए। केंद्र पर उर्वरकों के स्टॉक और निर्धारित बिक्री दरों का स्पष्ट प्रदर्शन हो। कालाबाजारी, जमाखोरी, अधिक कीमत वसूलने और अनिवार्य टैगिंग जैसी अनियमितताओं पर लगातार निगरानी रखी जाए। इसके बाद आयुक्त अजीत कुमार ने राजकीय बीज भंडार नरैनी का औचक निरीक्षण किया। यहां किसानों ने शिकायत की कि ऑनलाइन बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें समय से बीज नहीं मिल रहा है। सर्वर नहीं चलने का हवाला देकर उन्हें बार-बार वापस कर दिया जाता है। किसानों की शिकायत पर आयुक्त ने गहरी नाराजगी जताते हुए संबंधित बीज गोदाम प्रभारी से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही जांच में दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई करने को कहा।
आयुक्त अजीत कुमार ने निर्देश दिए कि ऑनलाइन बुकिंग कराने वाले किसानों को निर्धारित समय पर बीज उपलब्ध कराया जाए। सर्वर संबंधी तकनीकी समस्या आने पर संबंधित तकनीकी अधिकारियों से समन्वय कर उसका तत्काल समाधान कराया जाए। तकनीकी समस्या के नाम पर किसानों को बार-बार वापस न किया जाए। बीज भंडार में उपलब्ध स्टॉक और वितरण की स्थिति भी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए।
रबी बुवाई से पहले उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
आयुक्त ने कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि रबी फसलों की बुवाई को देखते हुए किसानों को खाद और प्रमाणित बीज समय से उपलब्ध कराया जाए। उर्वरक एवं बीज वितरण केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जाए और किसानों की शिकायतों का तत्काल गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद और बीज की उपलब्धता प्रशासन की प्राथमिकता है। इस कार्य में लापरवाही या उदासीनता मिलने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई