तंत्र-मंत्र के जरिये रकम दोगुना करने वाले का लालच देकर व्यापारी के साथ टप्पेबाजी करने वाले बाबा तथा उसके दो साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास टप्पेबाजी की रकम तथा चार पहिया गाड़ी व तमंचा कारतूस बरामद हुए हैं।
जानकारी के अनुसार मनीष साहू निवासी फतेहपुर शुक्रवार की दोपहर चार पहिया वाहन से बाँदा आ रहा था।तभी थाना तिंदवारी क्षेत्र के बेंदाघाट चौराहे के पास साधु के भेष में एक बाबा ने गाड़ी रुकवाकर लिफ्ट मांगी। जिस पर मनीष ने बाबा को गाड़ी में बैठाल लिया। रास्ते मे बाबा तंत्र-मंत्र के जरिये कई कलाएं दिखाने लगा। लालच देते हुए रुपए दोगुना करने की बात करने लगा। मनीष ने 50 हजार रुपये बाबा को दोगुना करने के लिए दे दिए। इसी दौरान एक चारपहिया वाहन से 02 व्यक्ति आये और गाड़ी में रखे 50 हजार रुपए चोरी कर बाबा सहित तीनो फरार हो गए। उसी चारपहिया वाहन में तीनों बैठकर चले गए बाद में जब देखा तो गाड़ी से रुपए गायब थे। सूचना पर एसपी पलाश बंसल ने सीओ सदर सौरभ सिंह के पर्यवेक्षण में अभियुक्तों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की।वैज्ञानिक एवं तकनीकि साक्ष्यों का संकलन एवं विश्लेषण करते हुए,मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर अभियुक्तो की पुलिस टीम तलाश कर रही थी। शुक्रवार की रात थाना तिंदवारी पुलिस द्वारा रात्रि गश्त एवं चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर घटना को अंजाम देने वाले अजय नाथ पुत्र राधे नाथ निवासी पिंगरी थाना फरह जनपद मथुरा,नवाब नाथ पुत्र खजान नाथ निवासी विसरख सेक्टर-1 थाना विसरख जनपद गौतमबुद्ध नगर,बाबा गौरव नाथ पुत्र सुरेश नाथ निवासी अछेजा थाना हसनपुर जनपद पलवल (हरियाणा) को भिडौरा रोड से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे के चोरी/टप्पेबाजी के 75 हजार 200 रुपए नकद एवं अभियुक्त अजय नाथ पुत्र राधे नाथ के कब्जे से अवैध तमंचा बरामद हुए। पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर अभियुक्तों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह सभी साधु-संत का भेष धारण कर विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करते हैं तथा स्वयं को धार्मिक एवं आध्यात्मिक व्यक्ति बताकर लोगों का विश्वास जीतते हैं। इसके बाद उन्हे रुपए दोगुना/धनवृद्धि करने का झांसा देकर उनके रुपए एवं कीमती आभूषणों आदि की चोरी/टप्पेबाजी करके फरार हो जाते हैं। साथ ही पूछताछ में अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि कुछ दिनो पूर्व बांदा शहर स्टेशन के पास एक महिला को झांसा देकर उसके आभूषणों की चोरी/टप्पेबाजी करके भाग गये थे। पुलिस द्वारा सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए बरामद सभी माल व घटना में प्रयुक्त चारपहिया वाहन को भी कब्जे में लिया गया है। इस सम्बन्ध में पुलिस टीम द्वारा और गहनता से जांच की जा रही है कि इनके द्वारा और किन-किन स्थानों और कितने से लोगों के साथ इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया गया है साथ ही इनके आपराधिक इतिहास के बारे में भी जानकारी की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष तिंदवारी
संदीप कुमार पटेल,संतोष कुमार सिंह चौकी प्रभारी बेंदाघाट,उप निरीक्षक गजेन्द्र,आरक्षी शम्स इबरार,मनोज कुमार,अब्दुल सलीम,आकाश कुमार शामिल रहे।