बाँदा-मानव तस्करी, बाल श्रम और बाल विवाह के खिलाफ चला जागरूकता अभियान

SHARE:

मानव तस्करी, बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति और बाल विवाह की रोकथाम को लेकर मंगलवार को संयुक्त टीम ने शहर क्षेत्र में चेकिंग और जन-जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान यात्रियों, दुकानदारों और आम लोगों को बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में थाना एएचटीयू, एसजेपीयू, चाइल्ड हेल्पलाइन बांदा, ग्रामीण स्वावलंबन समिति संस्था और साथी यूपी संस्था की संयुक्त टीम ने संकट मोचन मंदिर, अशोक लाट और बस स्टैंड सहित विभिन्न स्थानों पर चलाया। टीम ने बसों में सफर कर रहे यात्रियों और बस स्टैंड पर मौजूद लोगों को मानव तस्करी, बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति, बच्चा चोरी और जहरखुरानी से बचाव के बारे में जानकारी दी। लोगों को सरकारी हेल्पलाइन नंबर 112, 1098, 1090, 181 और 1076 की जानकारी भी दी गई। टीम ने पंपलेट वितरित कर लोगों से बाल विवाह रोकने की अपील की। गांव या मोहल्ले में बाल विवाह होने की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना हेल्पलाइन नंबर अथवा नजदीकी पुलिस स्टेशन को देने की सलाह दी गई। बच्चों के साथ सफर करने वाले यात्रियों को बच्चों को अपने पास रखने और अनजान व्यक्ति से कोई खाद्य सामग्री नहीं लेने की हिदायत दी गई।
दुकानों और होटलों में की गई चेकिंग
स्टेशन रोड पर दुकानों और होटलों की चेकिंग करते हुए बाल श्रम उन्मूलन को लेकर अभियान चलाया गया। दुकानदारों और आम लोगों को 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों से बाल श्रम नहीं कराने के लिए जागरूक किया गया। टीम ने चेतावनी दी कि बच्चों से बाल श्रम कराते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति या दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
श्रद्धालुओं को भी किया जागरूक
संकट मोचन मंदिर में श्रद्धालुओं को बाल श्रम और बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए इनके रोकथाम में सहयोग करने की अपील की गई। अभियान के दौरान लोगों को बच्चों की सुरक्षा से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या संबंधित हेल्पलाइन पर देने के लिए प्रेरित किया गया।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई