पुलिस भर्ती की तैयारी के दौरान युवक से प्रेम संबंध होने के बाद शादी की उम्मीद लगाए युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उसे मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने मामले में पुलिस को तहरीर देने की बात कही है।
जनपद बदायूं के बिसौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती शहर में कोचिंग के दौरान एक युवक के संपर्क में आई थी। दोनों पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए और उन्होंने साथ जीवन बिताने की बात कही थी। युवक का पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पद पर चयन हो गया, जबकि युवती शारीरिक परीक्षा में सफल नहीं हो सकी। युवक की ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उसके परिजनों ने उसका रिश्ता दूसरी जगह तय कर दिया। इसकी जानकारी युवती को हुई तो उसने युवक से फोन पर बातचीत की। परिजनों के मुताबिक, बातचीत के दौरान युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया। इससे आहत युवती ने घर में रखा जहरीला पदार्थ पी लिया।
हालत बिगड़ने पर परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान अगले दिन सुबह युवती की मौत हो गई। परिजनों ने मुरादाबाद में पोस्टमार्टम कराया और शव गांव लाकर अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों ने मामले में कोतवाली पुलिस को तहरीर देने की बात कही है। सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस भर्ती की तैयारी के दौरान हुई थी मुलाकात
युवती और युवक दोनों पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उनके बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध हो गए। युवक के कांस्टेबल बनने के बाद युवती से शादी की उम्मीद थी, लेकिन दूसरी जगह रिश्ता तय होने के बाद विवाद की स्थिति बनी।