श्राद्ध कर्म के बाद नदी में स्नान के दौरान एक युवक गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में एक-एक कर चार अन्य लोग भी पानी में उतर गए और देखते ही देखते पांचों गहरे पानी में डूब गए। हादसे में सभी की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।
झांसी जनपद के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के देवी सिंह पुरा गांव के पास सुखनई नदी में मंगलवार को हादसा हुआ। परिवार के लोग श्राद्ध कर्म के बाद पिंडदान के लिए नदी पर पहुंचे थे। इसी दौरान स्नान करते समय अभिनय नदी में डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में अनूप तिवारी समेत अन्य लोग पानी में उतर गए। देखते ही देखते पांच लोग गहरे पानी में समा गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर पांचों को नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। हादसे में इनकी गई जान
मृतकों में अर्पित (12), अनूप तिवारी (45), अभिनय तिवारी (26), श्रेयांश तिवारी (21) और पुष्कर शुक्ला (23) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार पांचों एक ही परिवार से ताल्लुक रखते थे। हादसे की सूचना के बाद गांव में शोक का माहौल है। नदी में स्नान के दौरान बरतें सावधानी
हादसे के बाद प्रशासन ने नदी में स्नान और अन्य गतिविधियों के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस और प्रशासन की टीम ने घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू की।