बाँदा-त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में होंगे पर्व

SHARE:

आगामी नवरात्रि, दशहरा, दीपावली एवं अन्य पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने व्यवस्थाओं पर चर्चा की।

जिलाधिकारी अमित आसेरी ने कहा कि पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के प्रतीक हैं। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए श्रद्धालुओं और आमजन को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराएं। लोक निर्माण विभाग को प्रमुख सड़कों और आवागमन वाले मार्गों की मरम्मत पर्वों से पहले पूरी कराने को कहा गया। विद्युत विभाग को हाईटेंशन लाइनों सहित विद्युत व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने तथा लटकते तारों और अन्य कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए गए। शहर और प्रमुख क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था की निगरानी के लिए विशेष टीम गठित करने को कहा गया। डीएम अमित आसेरी के द्वारा पूजा स्थलों, मूर्ति स्थापना स्थलों और विसर्जन मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाने के साथ चूने का छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए। जल संस्थान को आवश्यकता के अनुसार पेयजल टैंकर उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त एंबुलेंस एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रखने को कहा गया।
पूजा स्थलों के आसपास मांस-मछली की दुकानों को नियमानुसार बंद रखने और मदिरा की दुकानों के संबंध में निर्धारित नियमों के तहत कार्रवाई करने को कहा गया। डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन में निर्धारित मानकों का पालन कराने पर भी जोर दिया गया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को गौशालाओं में गोवंश को संरक्षित रखने तथा सड़कों पर गोवंश विचरण न करने देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने कहा कि जनपद में सभी पर्व शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाए जाएं, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आमजन की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पूजा स्थलों और विसर्जन स्थलों का स्थलीय भ्रमण कर व्यवस्थाओं का समय से सत्यापन कराने को कहा।
पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का दिलाया भरोसा 
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने दुर्गा पूजा समितियों और संभ्रांत नागरिकों से आगामी पर्व आपसी सहयोग, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस एवं प्रशासन की ओर से पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। फायर विभाग को विशेष सतर्कता बरतने और आवश्यक स्थानों पर अग्निशमन व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुमार धर्मेंद्र, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवराज, नगर मजिस्ट्रेट दिनेश चंद्र, एसडीएम सदर नवीन प्रसाद, एसडीएम बबेरू अवनीश त्यागी, सीओ सिटी सौरभ सिंह, सीओ सदर प्रतिज्ञा सिंह, सीओ नरैनी प्रवीण कुमार, सीओ बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी, सीओ अतर्रा अमरनाथ गुप्ता, तहसीलदार सदर विकास कुमार पांडेय सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई