प्रदेश में वर्तमान समय में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। आमजन को अपनी आवश्यकता के अनुसार खुले बाजार से चीनी आसानी से मिल सकती है। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर चीनी की संभावित कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
जनपद बांदा में जिलाधिकारी अमित आसेरी ने जनपद के सभी थोक व्यापारियों को भारत सरकार द्वारा जारी एवं सार्वजनिक वितरण के लिए निर्धारित चीनी के स्टॉक की स्थिति संबंधित पोर्टल पर तत्काल अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से थोक व्यापारियों के स्टॉक की आकस्मिक जांच भी कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति या व्यापारी चीनी की जमाखोरी अथवा कालाबाजारी में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और अन्य प्रचलित विधिक प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा बाजार में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और उनकी कीमतों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने आमजन से अपील की है कि चीनी की उपलब्धता को लेकर किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें और केवल अधिकृत एवं विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें। थोक व्यापारियों के स्टॉक पर प्रशासन की नजर
सभी थोक व्यापारियों को अपने चीनी स्टॉक की स्थिति संबंधित पोर्टल पर तत्काल अद्यतन करने को कहा गया है। प्रशासन द्वारा समय-समय पर स्टॉक की जांच कर अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। जमाखोरी और कालाबाजारी पर होगी कार्रवाई
चीनी की कृत्रिम कमी पैदा करने, जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने व्यापारियों से नियमों का पालन करने और आमजन से अफवाहों से बचने की अपील की है।