तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। जिस पर युवक की मौत हो गई। वही उसकी पत्नी तथा मासूम बेटी घायल हो गई। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार मरका थाना क्षेत्र के इगुवा गांव के निवासी शिवबाबू यादव उम्र 35 वर्ष पुत्र कामता यादव अपनी 30 वर्षीय पत्नी कजेलिया और 6 वर्षीय बेटी इस्मा के साथ रिस्तेदारो के यहां दहिनवारा संस्कार में शामिल होने कमासिन थाना क्षेत्र के नारायण गांव गया था। कार्यक्रम निपटाने के बाद तीनो लोग बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह नारायण पुर गांव से निकले,तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे तीनो लोग गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन समेत चालक मौके से फरार हो गया। वहां से गुजर रहे राहगीरो ने तीनो को उठाकर पीएचसी कमासिन में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरो ने देखने के बाद शिव बाबू को मृत घोषित कर दिया। वहीं मासूम तथा पत्नी का इलाज जारी है। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।