दरवाजे के बाहर मवेशी बांध रही महिला को दबंगो ने महिला को गोली मार दी। गोली मारने के बाद वह फरार हो गए। उपचार के लिए उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार छैलकुमारी उम्र 45 वर्ष पत्नी बारेलाल निवासी अंधाव थाना मरका शुक्रवार की रात अपने दरवाजे के बाहर बकरियां बांध रही थी। इसी बीच गांव का ही कृष्णकांत उर्फ मुखिया चार लोगों के साथ आया और मुकदमे में सुलह होने का दबाव बनाने लगा। महिला ने जब सुलह करने से मना कर दिया तो गुस्से में आकर कृष्णकांत ने छैलकुमारी के पहले जांघ में गोली मारी। इसके बाद दो गोली सीने में भी मार दी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन में गिर पड़ी। इसी बीच हमलावर मौके से भाग खड़े हुए। शोर शराबा सुनकर परिजन भी पहुंच गए। घटना की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। उपचार के लिए महिला को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जहां पर उसका उपचार जारी है। पति बारेलाल ने बताया कि हमलावरों से उनका मुकदमा चल रहा है। वहीं वह सुलह होने का दबाव बना रहे हैं। कहा कि सुलह न करने पर उनके द्वारा वारदात को अंजाम दिया गया है। इधर एसपी पलाश बंसल ने आरोपियों को पकड़ने के लिए प्रभारी निरीक्षक मिथिलेश कुमार सिंह सहित अलग अलग कई टीमे लगाई है।