बाँदा-पुलिस सेवा में शामिल हुए 436 रिक्रूट आरक्षी,डीआईजी ने ली परेड की सलामी

SHARE:

प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों के दीक्षांत परेड समारोह का किया गया आयोजन। प्रशिक्षण के उपरान्त 436 रिक्रूट आरक्षी यूपी पुलिस सेवा में शामिल हुए। मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र के द्वारा दीक्षांत परेड की सलामी ली गई। डीआईजी ने कैडेटों को कर्तव्य एवं निष्ठा की शपथ दिलाने के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों व प्रशिक्षको को सम्मानित किया गया।
रविवार को पुलिस लाइन में रिक्रूट प्रशिक्षण केन्द्र में 09 माह के कठोर एवं अनुशासित प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले उ0प्र0 सिविल पुलिस के 436 रिक्रूट आरक्षियों के दीक्षांत परेड समारोह का आयोजन किया गया। दीक्षांत परेड में कैडेटों द्वारा प्रदर्शित अनुशासन,समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक,चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस. द्वारा परेड की सलामी ली गई। तथा प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले सभी रिक्रूट आरक्षियों को उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश शासन योगी आदित्यनाथ द्वारा वर्चुअल माध्यम से सभी रिक्रूट आरक्षियों को संबोधित किया गया। सभी नवचयनित आरक्षियों को ईमानदारी,निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल द्वारा सभी कैडेटों को कर्तव्य एवं निष्ठा की शपथ दिलाई गई।सम्बोधित करते हुए एसपी पलाश बंसल ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखना,जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना प्रत्येक पुलिसकर्मी का सर्वोच्च कर्तव्य है। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि द्वारा प्रशिक्षण अवधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। गौरतलब हो कि पुलिस लाइन में दिनांक 21.07.2025 से उ0प्र0 सिविल पुलिस के 436 रिक्रूटों का प्रशिक्षण चल रहा था। 09 माह के कठोर प्रशिक्षण के उपरांत रविवार को कैडेटों के दीक्षांत परेड समारोह का आयोजन किया गया। परेड में कैडेटों के अनुशासन और ड्रिल ने उपस्थित दर्शकों में रोमांच उत्पन्न कर दिया। कार्यक्रम में डीएम आसेरी ने सभी कर्मियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारीगण सहित आमजन व कैडेटों के परिजन आदि उपस्थित रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment