प्रेमिका पर प्रभाव जमाने और उसे डराने के लिए अहरौला क्षेत्र के पकड़ी गांव निवासी आर्यन यादव ने खुद को गोली मार ली। इसके बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात व्यक्ति द्वारा फायरिंग किए जाने की कहानी गढ़कर थाने पहुंच गया। पुलिस की जांच में उसके दावे और घटनास्थल की परिस्थितियों में अंतर मिला तो पूछताछ के बाद पूरी सच्चाई सामने आ गई।
एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह के मुताबिक, आर्यन शनिवार शाम अहरौला थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर फायरिंग की है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। युवक से पूछताछ के साथ मौके पर मिले साक्ष्यों का भी परीक्षण किया गया। जांच के दौरान पुलिस को आर्यन के बयान और घटनास्थल की परिस्थितियों में विरोधाभास मिला। गहन पूछताछ में सामने आया कि आर्यन एक लड़की से प्रेम करता है। वह उस पर अपना प्रभाव जमाना चाहता था और उसे डराने के इरादे से उसने खुद को गोली मार ली। गोली लगने के बाद आर्यन ने घटना को दूसरा रूप देने की कोशिश की। उसने अज्ञात हमलावरों द्वारा फायरिंग किए जाने की मनगढ़ंत कहानी तैयार की और इसी सूचना के साथ थाने पहुंच गया। पुलिस ने जब उसके बयान की घटनास्थल के तथ्यों से मिलान किया तो कहानी टिक नहीं सकी। पहले दिन सामने आई जानकारी में बाइक सवार बदमाशों द्वारा आर्यन को गोली मारने की बात कही गई थी। बाद की पुलिस जांच में यह दावा गलत निकला और घटना की वास्तविकता सामने आ गई। जांच में खुली झूठी फायरिंग की कहानी
पुलिस के अनुसार युवक के बयान, घटनास्थल की परिस्थितियों और पूछताछ के आधार पर स्पष्ट हुआ कि फायरिंग की कहानी मनगढ़ंत थी। पुलिस ने घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की है। पुलिस को गुमराह करने पर कार्रवाई
एसपी सिटी के अनुसार आर्यन द्वारा खुद को गोली मारने के बाद पुलिस को गुमराह करने की बात सामने आई है। अहरौला थाना पुलिस ने मामले में आवश्यक विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।