रविवार को एक वीआईपी काफिले के गुजरने के दौरान यातायात रोके जाने से नाराज महिला ने सड़क पर जमकर विरोध जताया। महिला की पुलिसकर्मियों से नोकझोंक हुई और उन्होंने काफिले की ओर बढ़ने का भी प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालते हुए महिला को आगे जाने से रोक दिया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को आगरा के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे थे। खंदारी स्थित आरबीएस कॉलेज में आयोजित खटीक समाज गर्जना सम्मेलन में उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। उनके काफिले के आवागमन को देखते हुए पुलिस ने संबंधित मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात रोक दिया था। इसी दौरान सड़क पर मौजूद एक स्थानीय महिला ने ट्रैफिक रोके जाने का विरोध शुरू कर दिया। महिला की मौके पर तैनात पुलिसकर्मी से तीखी नोकझोंक हो गई। मामला बढ़ने पर महिला ने गुजर रहे रक्षा मंत्री के काफिले के सामने पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। घंटों ट्रैफिक रोकने पर जताई नाराजगी
महिला का कहना था कि आम लोगों को लंबे समय तक सड़क पर रोकने का क्या औचित्य है। इसी बात को लेकर उन्होंने मौके पर अपना विरोध जताया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया और काफिले के सुरक्षित गुजरने तक सड़क से दूर रखा। घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगा। वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया और काफिला सुरक्षित तरीके से आगे निकल गया।