बाँदा-रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित हुई आन स्पॉट चिल्ड्रन निबंध प्रतियोगिता

SHARE:

बच्चों में लेखन क्षमता, रचनात्मक सोच, सामाजिक जागरूकता और अभिव्यक्ति कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऑन स्पॉट चिल्ड्रन निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 6 से 15 वर्ष तक के बच्चों ने उत्साह और रुचि के साथ प्रतिभाग करते हुए विभिन्न विषयों पर अपनी कल्पनाशीलता और विचारों को शब्दों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
बांदा रेलवे स्टेशन परिसर में रविवार को उत्तर मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन, झांसी के तत्वावधान में कार्मिक विभाग की ओर से प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता को तीन आयु वर्गों में बांटा गया था। ग्रुप-1 के बच्चों के लिए ‘मेरे कक्षा शिक्षक’ और ‘स्वस्थ भोजन’, ग्रुप-2 के लिए ‘मनोरंजन गतिविधियों का महत्व’ और ‘संयुक्त परिवार’, जबकि ग्रुप-3 के प्रतिभागियों के लिए ‘देश की बढ़ती जनसंख्या—वरदान या अभिशाप’ तथा ‘जेन जी’ विषय निर्धारित किए गए।
प्रतियोगिता में 32 बच्चों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता में कुल 32 बच्चों ने प्रतिभाग किया। बच्चों ने निर्धारित विषयों पर अपने विचारों को निबंध के रूप में प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में खासा उत्साह दिखाई दिया और उन्होंने पूरे मनोयोग से लेखन कार्य पूरा किया। आयोजन की व्यवस्था मुख्य कर्मचारी एवं कल्याण निरीक्षक मनीष विसोनिया तथा कार्यालय अधीक्षक अनिल कुमार गुप्ता की देखरेख में की गई। प्रतियोगिता में शामिल सभी 32 बच्चों को आयोजकों की ओर से गिफ्ट और स्नैक्स भी प्रदान किए गए।
विजेता बच्चों को किया जाएगा पुरस्कृत
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को उत्तर मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन, झांसी की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मक अभिव्यक्ति के साथ सामाजिक विषयों के प्रति उनकी समझ और जागरूकता को विकसित करना है। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को अपने विचार स्वतंत्र रूप से व्यक्त करने और लेखन कौशल को निखारने का अवसर मिला। आयोजन को सफल बनाने में कार्मिक विभाग और उत्तर मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन से जुड़े कर्मचारियों का सहयोग रहा। कार्यक्रम में मुख्य कर्मचारी एवं कल्याण निरीक्षक मनीष विसोनिया, कार्यालय अधीक्षक अनिल कुमार गुप्ता तथा कार्मिक विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment