शादी समारोह में मेहमानों को करोड़ों रुपये के सोने के उपहार बांटने और दिवाली पर भी स्वर्ण उपहार देने की चर्चा के बीच रियल एस्टेट कारोबारी आयकर विभाग के रडार पर आ गए। विभाग की जांच शाखा ने कारोबारी और उनसे जुड़े अन्य व्यापारियों के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर वित्तीय लेनदेन और कारोबार से संबंधित दस्तावेज खंगाले।
बीते माह मथुरा के एक रियल एस्टेट कारोबारी ने जयपुर में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया था। इस आयोजन में मेहमानों को करीब आठ से दस किलो सोने से बने उपहार वितरित किए गए थे। दिवाली पर भी लोगों को स्वर्ण उपहार दिए जाने की चर्चा रही। महंगे उपहारों और बड़े आयोजनों को लेकर कारोबारी जगत में चर्चा तेज होने के बाद अब आयकर विभाग की कार्रवाई ने मामले को सुर्खियों में ला दिया है। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे दिल्ली-एनसीआर और मथुरा सहित कई स्थानों पर आयकर विभाग की टीमों ने एक साथ कार्रवाई शुरू की। गाजियाबाद, दिल्ली, कानपुर और लखनऊ से पहुंची टीमों ने मथुरा-वृंदावन में बिल्डरों, होटल कारोबारियों और सराफा कारोबार से जुड़े लोगों के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान वृंदावन मार्ग स्थित रेडिसन होटल, धौलीप्याऊ स्थित गुरुकृपा होटल, राम एंड संस, चैतन्य बिहार, भूतेश्वर और कमला टिंबर सहित कई प्रतिष्ठानों पर जांच की गई। अधिकारियों ने कारोबारी रिकॉर्ड, आय-व्यय, वित्तीय लेनदेन और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की पड़ताल की। होटल निर्माण और जमीन के कारोबार के खंगाले दस्तावेज
आयकर विभाग की टीमों ने होटल बुकिंग, जमीन और फ्लैट की खरीद-बिक्री तथा निर्माण कार्यों से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। कंप्यूटर, लैपटॉप और फाइलों की भी पड़ताल की गई। मथुरा में मिले दस्तावेजों के आधार पर आगरा के कमला नगर स्थित होटल कारोबारी के साझेदार अनुराग बंसल के आवास पर भी टीम पहुंची। वहां होटल निर्माण से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले गए। कई कारोबारियों तक पहुंची जांच की आंच
आयकर विभाग की कार्रवाई में रियल एस्टेट और होटल कारोबार से जुड़े अन्य व्यापारियों को भी जांच के दायरे में लिया गया है। जांच के दौरान प्रतिष्ठानों में मौजूद कर्मचारियों और संबंधित लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगाई गई। फिलहाल विभाग की टीम वित्तीय लेनदेन और कारोबार से जुड़े दस्तावेजों की जांच में जुटी रही।