एक घर में हुए विवाद ने खूनी वारदात का रूप ले लिया। ससुर ने अपनी बहू और उसके प्रेमी पर लोहे की सांग से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में प्रेमी की मौत हो गई, जबकि बहू गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, चौसड़ गांव निवासी विद्या (42) के पति कल्लू वर्मा की करीब तीन वर्ष पहले मौत हो गई थी। इसके बाद उसका पड़ोसी राममनोहर (45) से प्रेम प्रसंग हो गया था। करीब एक वर्ष पहले दोनों घर छोड़कर चले गए थे। बाद में राममनोहर की पत्नी सावित्री अपने बच्चों के साथ हरियाणा में मजदूरी करने चली गई थी। करीब दस दिन पहले राममनोहर और विद्या गांव लौटे थे और राममनोहर के घर में रह रहे थे। शुक्रवार रात करीब 10 बजे विद्या के ससुर राजकरण ने दोनों पर लोहे की सांग से हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोटें आने से राममनोहर की मौत हो गई, जबकि विद्या गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला मेडिकल कॉलेज रेफर
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल विद्या को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतर्रा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सीओ बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं आरोपी ससुर राजकरण की तलाश जारी है।