बाँदा-स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, आयुक्त ने सुधार के लिए तय किए मानक

SHARE:

सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आयुक्त ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय उपकरणों की क्रियाशीलता, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की समय से उपस्थिति और साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार की अध्यक्षता में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की मंडल स्तरीय भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में शव वाहन, ब्लड बैंक, फायर एनओसी, वैक्सीन कवरेज, एसटीएलएस, आईसीयू, बायो मेडिकल वेस्ट निस्तारण, सर्जरी सेवाओं, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, नेत्र स्वास्थ्य, फाइलेरिया और फर्स्ट रेफरल यूनिट की समीक्षा की गई। इसके अलावा जननी सुरक्षा योजना के भुगतान, मातृ एवं शिशु मृत्यु, आरबीएसके, एनएचएम की वित्तीय प्रगति, गैर संचारी रोगों, एनक्यूएएस, आयुष्मान भारत, आरसीएच पोर्टल, एनयूएचएम और नियमित टीकाकरण की स्थिति भी परखी गई। आयुक्त अजीत कुमार ने सभी जनपदों की स्वास्थ्य इकाइयों का निर्धारित मानकों के अनुसार आकलन कर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में आवश्यक दवाएं उपलब्ध रहें और उनकी सूची प्रदर्शित की जाए। सभी चिकित्सा इकाइयों में अग्निशमन उपकरण, बिजली बैकअप, परिवार नियोजन किट, नागरिक चार्टर और आवश्यक सूचना पट्ट उपलब्ध होने चाहिए। कोई भी चिकित्सकीय उपकरण अनुपयोगी या बिना इंस्टाल किए नहीं रखा जाए। चिकित्सालय निर्धारित समय पर खुलें और सभी चिकित्सक एवं कर्मचारी समय से उपस्थित रहें। पीएचसी स्तर तक बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था क्रियाशील रखने, ड्यूटी रोस्टर और कर्मचारियों की सूची प्रदर्शित करने तथा सभी कर्मचारियों को निर्धारित यूनिफॉर्म और पहचान पत्र के साथ रहने के निर्देश दिए गए। अस्पतालों में शिकायत पेटिका, शिकायत पंजिका, टेलीमानस का टोल फ्री नंबर और विभागीय साइनेज भी अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने को कहा गया। आयुक्त ने अस्पतालों में मरीजों की सुविधा के लिए प्रवेश द्वार के पास स्ट्रेचर, व्हीलचेयर और वार्ड ब्वाय की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। जिला अस्पतालों और सीएचसी में मरीजों के तीमारदारों की भीड़ व्यवस्थित करने के लिए टोकन व्यवस्था लागू करने तथा पार्किंग प्रबंधन दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। पेयजल व्यवस्था, आरओ और वाटर कूलर की सफाई तथा पानी की टंकियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
मधुमेह और रक्तचाप की जांच व उपचार पर विशेष जोर
वर्ष 2026-27 के लिए प्रत्येक स्वास्थ्य इकाई के वार्षिक लक्ष्य को मासिक लक्ष्यों में विभाजित करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने सभी उपकेंद्रों पर रक्तचाप और मधुमेह की दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। 30 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी लोगों का ई-कवच पोर्टल पर पंजीकरण और स्क्रीनिंग कराने, संदिग्ध मरीजों को उच्च चिकित्सा इकाइयों में संदर्भित करने तथा उनकी जांच और उपचार शुरू कराने के निर्देश दिए। आशा, एएनएम और सीएचओ के माध्यम से मरीजों का नियमित फॉलोअप कराने और इसकी समीक्षा जिला स्वास्थ्य समिति एवं ब्लॉक स्तर पर प्रत्येक माह करने को कहा गया। बैठक में बताया गया कि मंडल में 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के 94,432 कार्ड तथा कुल लाभार्थियों के 16,00,552 आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं। आयुक्त ने एनएचएम के अंतर्गत कार्यरत सभी जनपदीय सलाहकारों और प्रबंधकों को नियमित पर्यवेक्षकीय भ्रमण कर उसकी आख्या मंडल एवं शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
चिकित्सालयों में बाहर की दवाएं लिखने पर रोक
आयुक्त ने मुख्य चिकित्साधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं अधीक्षिकाओं को निर्देशित किया कि चिकित्सक मरीजों को बाहर की दवाएं न लिखें। सभी चिकित्सालयों में ड्यूटी रोस्टर के अनुसार कार्य कराया जाए। हार्ट अटैक के मरीजों के उपचार से संबंधित एसटीईएमआई इकाइयों की प्रगति बढ़ाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सकों का जिला चिकित्सालय स्तर पर हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण कराने को कहा। अस्पतालों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा दवाओं के वितरण के बाद उनका विवरण डीवीडीएमएस पोर्टल पर अपडेट कर नियमानुसार खारिज करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक का संचालन मंडलीय परियोजना प्रबंधक एनएचएम आलोक कुमार ने किया। बैठक में अपर निदेशक डॉ. अभय सिंह, चारों जनपदों के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कार्यक्रम प्रबंधक और संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई