बाँदा-मंडल की 21 निर्माण परियोजनाएं तय समय से पीछे, आयुक्त ने जताई नाराजगी

SHARE:

चित्रकूटधाम मंडल में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर आयुक्त ने सख्ती दिखाई है। उन्होंने विलंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही धनराशि अवमुक्त होने के बावजूद धीमी गति से चल रहे कार्यों में तेजी लाने को कहा।
शुक्रवार को कार्यालय आयुक्त सभागार में आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार की अध्यक्षता में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली अपूर्ण एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। इसमें मंडल के चारों जनपदों बांदा, चित्रकूट, महोबा और हमीरपुर की कुल 343 परियोजनाओं की समीक्षा की गई। इनमें 256 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 87 परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। समीक्षा में 21 परियोजनाएं विलंबित पाई गईं। इन परियोजनाओं की कुल स्वीकृत लागत 19,540.63 करोड़ रुपये है, जिसके सापेक्ष 99 प्रतिशत वित्तीय प्रगति दर्ज की गई है। आयुक्त ने विभागवार समीक्षा करते हुए विलंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए। यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन की नौ और ग्रामीण अभियंत्रण सेवा की चार विलंबित परियोजनाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बड़ी परियोजनाओं की प्रगति पर भी नजर
बैठक में चित्रकूट हवाई पट्टी के विस्तार कार्य की 90 प्रतिशत, डिफेंस कॉरिडोर चित्रकूट नोड की बाउंड्रीवाल की 80 प्रतिशत और रायपुरा पेयजल योजना की 96 प्रतिशत प्रगति की समीक्षा की गई। आयुक्त ने इन परियोजनाओं को भी निर्धारित समय में पूरा कराने पर जोर दिया।
गुणवत्ता और स्थलीय निरीक्षण पर जोर
आयुक्त ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। सभी कार्यदायी संस्थाएं नियमित स्थलीय निरीक्षण करें और निर्माण की प्रगति की निगरानी रखें। धनराशि उपलब्ध होने के बावजूद धीमी गति से चल रहे कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समयसीमा का पालन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में लोक निर्माण विभाग, सिंचाई, जल निगम, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा, सेतु निगम, यूपीडा, आवास विकास सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई