नोएडा-पुलिस मुठभेड़ में वाहन चोर के पैर में लगी गोली, गिरफ्तार; पांच चोरी की बाइक और नौ मोबाइल बरामद

SHARE:

वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके कब्जे से चोरी की बाइक, मोबाइल फोन और अवैध हथियार बरामद हुए हैं।
घटना सोमवार देर रात दादरी क्षेत्र में हुई। पुलिस टीम बौड़ाकी कट के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों बाइक की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो फोरमी कंपनी गोलचक्कर के पास उनकी मोटरसाइकिल झाड़ियों में फंस गई।
खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल की पहचान बुलंदशहर के चोला थाना क्षेत्र के गांव खवासपुर निवासी लोकेश (23) के रूप में हुई। उसका साथी देव मौके से फरार हो गया।
राहगीरों से मोबाइल छीनने के साथ बंद मकान में की थी चोरी
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी लोकेश अपने साथी देव के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों पर राहगीरों से मोबाइल फोन छीनता था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी और छीने गए नौ मोबाइल फोन, .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अगस्त में अपने साथी आकाश के साथ मिलकर सेक्टर जू-3 के ए ब्लॉक में एक बंद मकान का ताला तोड़कर आभूषण और अन्य सामान चोरी किया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दो सफेद धातु के सिक्के भी बरामद किए हैं।
पांच चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, तीन मुकदमे दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर कुल पांच चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इनमें एक बाइक बुलंदशहर के सरकारी अस्पताल के सामने पठान वाली मस्जिद के गेट से चोरी की गई थी। इस संबंध में वर्ष 2025 में कोतवाली नगर बुलंदशहर में मुकदमा दर्ज हुआ था। गिरफ्तार लोकेश के खिलाफ दादरी, बुलंदशहर कोतवाली नगर और चोला थाने में चोरी, लूट समेत विभिन्न धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी देव की तलाश में पुलिस टीमें कांबिंग कर रही हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से जुड़ी अन्य आपराधिक घटनाओं की भी जांच कर रही है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई