लखनऊ-जापानी कारोबारी ने पत्नी संग हिंदू रीति-रिवाज से लिए सात फेरे, वैदिक मंत्रों के बीच हुआ विवाह

SHARE:

भारतीय संस्कृति और वैदिक परंपराओं का आकर्षण सात समंदर पार भी लोगों को प्रभावित कर रहा है। इसी का उदाहरण एक विदेशी दंपती ने पेश किया, जिसने अपनी शादी को भारतीय परंपराओं के अनुसार संपन्न कराने का फैसला किया। मंदिर में मंत्रोच्चार और हवन के बीच विवाह की रस्में पूरी हुईं। इस अनूठे विवाह समारोह में परिवार के सदस्य भी शामिल हुए।
जापान के कारोबारी हीरो यूकी चिहारा और उनकी पत्नी सूजी ने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह किया। दोनों वर्तमान में थाईलैंड में रहते हैं। सोमवार को मंदिर में वैदिक परंपराओं के अनुसार पुरोहित ने मंत्रोच्चार के बीच विवाह संपन्न कराया। इस दौरान हवन में आहुतियां दी गईं और पारंपरिक तरीके से वैवाहिक रस्में पूरी की गईं।
भारतीय संस्कृति से प्रभावित हुआ परिवार
इस विवाह को संपन्न कराने में पंकज जोशी की अहम भूमिका रही। बताया गया कि करीब एक वर्ष पहले दुबई में उनकी मुलाकात हीरो चिहारा से हुई थी। बातचीत के दौरान हीरो ने भारत घूमने की इच्छा जताई थी। इसके बाद वह अपने परिवार के साथ हिमाचल प्रदेश, पंजाब और लखनऊ पहुंचे। यहां भारतीय संस्कृति, खानपान और पहनावे से परिवार काफी प्रभावित हुआ। तीन दिन पहले पंकज जोशी की शादी में शामिल होने के लिए हीरो चिहारा और उनकी पत्नी सूजी बच्चों के साथ पहुंचे थे। वहां हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न विवाह समारोह देखकर दंपती ने भी इसी परंपरा के अनुसार शादी करने की इच्छा जताई। इसके बाद पंकज और उनके परिवार तथा मित्रों ने विवाह की तैयारियां कीं।
तीनों बच्चे बने माता-पिता की शादी के गवाह
विवाह समारोह में दंपती के तीनों बच्चे युमा, सोता और शिवोरी भी शामिल हुए। बच्चों ने अपने माता-पिता को भारतीय परंपराओं के अनुसार विवाह की रस्में निभाते देखा। शादी संपन्न होने के बाद दंपती ने मंदिर में माथा टेका और बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया।
स्थानीय लोगों ने निभाई सहयोगी की भूमिका
इस विवाह आयोजन में पंकज जोशी के अलावा दुबई के कारोबारी और लखनऊ निवासी इंद्र सिंह तथा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने भी सहयोग किया। पुजारी जर्नादन ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की रस्में संपन्न कराईं।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई