छह साल बाद फिर साथ आए भाजपा और अकाली दल,मिलकर लड़ेंगे 2027 का पंजाब चुनाव

SHARE:

अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले दो प्रमुख राजनीतिक दलों ने फिर से हाथ मिला लिया है। करीब छह साल की दूरी के बाद दोनों दलों के बीच गठबंधन की घोषणा की गई है। इस फैसले से आगामी चुनाव की राजनीतिक तस्वीर बदलने के संकेत मिल रहे हैं।
दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने संयुक्त प्रेस वार्ता की। इस दौरान अमित शाह ने घोषणा की कि भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे। इसके साथ ही अकाली दल की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में वापसी हो गई है।
अमित शाह ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल एनडीए का सबसे पुराना सहयोगी रहा है। पार्टी की वापसी पर उन्होंने सुखबीर सिंह बादल और अकाली दल के नेताओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस गठबंधन का स्वागत किया है। उनके मुताबिक बादल परिवार की पार्टी के बिना एनडीए अधूरा था।
117 सीटों पर साथ लड़ेंगे चुनाव, अकाली दल को मिलेगी बड़ी भूमिका
अमित शाह ने स्पष्ट किया कि दोनों पार्टियां पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर गठबंधन के तहत चुनाव लड़ेंगी। गठबंधन में शिरोमणि अकाली दल बड़े भाई की भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि जो बड़ा भाई होता है, वही मुख्यमंत्री बनता है। इस तरह गठबंधन की सरकार बनने पर मुख्यमंत्री पद अकाली दल के हिस्से में रहने के संकेत दिए गए।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गठबंधन को स्वाभाविक बताते हुए कहा कि सीटों के बंटवारे पर बाद में चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोनों दल पंजाब की सेवा करने और राज्य के विकास के लिए एकजुट हुए हैं। किसानों की समस्याओं, युवाओं के रोजगार और राज्य के आर्थिक विकास को लेकर पिछले तीन महीनों में व्यापक चर्चा हुई है। इन चर्चाओं के आधार पर आगामी सरकार के लिए रोडमैप भी तैयार किया गया है।
नशे और भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान का दावा
अमित शाह ने कहा कि पंजाब को 31 दिसंबर 2029 तक पूरी तरह नशामुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। राज्य से नशीले पदार्थों की समस्या और भ्रष्टाचार खत्म करना गठबंधन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था मजबूत करने और गैंगस्टरों का सफाया करने पर भी जोर दिया जाएगा। उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार पर जनता से किए वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया और कहा कि आगामी चुनाव में जनता बदलाव करेगी। सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन को केवल राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन पंजाब, देश और सिख समुदाय के हित में है। पंजाब में शांति, भाईचारा और विकास को आगे बढ़ाना दोनों दलों का लक्ष्य है। उन्होंने राज्य में नशे और गैंगस्टरों के आतंक को खत्म करने की बात भी कही। भाजपा और अकाली दल का पुराना राजनीतिक गठबंधन सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर टूट गया था। विरोध में अकाली दल ने एनडीए से नाता तोड़ लिया था और तत्कालीन केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद दोनों दलों ने 2022 के पंजाब विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव अलग-अलग लड़े थे।
विपक्ष ने गठबंधन पर उठाए सवाल
गठबंधन की घोषणा के बाद आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने इसकी आलोचना की। पंजाब के मंत्री तरनप्रीत सिंह सौंध ने कृषि कानूनों और किसान आंदोलन का मुद्दा उठाते हुए दोनों दलों के साथ आने पर सवाल खड़े किए। वहीं कांग्रेस नेता परगट सिंह ने आरोप लगाया कि गठबंधन के पीछे सत्ता हासिल करने की मंशा है और दोनों दलों के पास पंजाब के विकास का स्पष्ट एजेंडा नहीं है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई