बाँदा- गोली मारकर व्यापारी ने की आत्महत्या,किडनी की बीमारी से था परेशान

SHARE:

परिवार के साथ यात्रा पर जाने की तैयारियां पूरी थीं, लेकिन दोपहर में हुई एक घटना से खुशियां मातम में बदल गईं। व्यापारी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
नरैनी रोड टेंपो स्टैंड के समीप रहने वाले राजकिशोर शिवहरे के 42 वर्षीय पुत्र विकास शिवहरे ने सोमवार दोपहर घर की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो विकास लहूलुहान हालत में मिला। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाइसेंसी रिवॉल्वर कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पिता राजकिशोर शिवहरे ने बताया कि विकास गिट्टी-मौरंग का कारोबार करता था। वह लंबे समय से किडनी की बीमारी से परेशान था और उसका उपचार चल रहा था। सोमवार को परिवार के साथ मथुरा जाने की तैयारी थी। यात्रा की तैयारियां भी पूरी हो चुकी थीं। घटना के समय पिता अपनी पुरानी राइस मिल में थे, जबकि घर पर बेटा और बहू मौजूद थे।
बीमारी से परेशान होने की पिता ने बताई वजह
पिता के मुताबिक, बीमारी से परेशान रहने के कारण विकास मानसिक रूप से भी परेशान था। वहीं स्थानीय लोगों ने नशे की लत को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होने की बात कही है। हालांकि इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने रिवॉल्वर कब्जे में लेकर शुरू की जांच
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और लाइसेंसी रिवॉल्वर कब्जे में ले लिया। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीओ अतर्रा अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई