जनपद में संचालित विकास एवं निर्माण परियोजनाओं की धीमी प्रगति को लेकर जिलाधिकारी अमित आसेरी ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़ी परियोजनाओं में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में 400/220 केवी उपकेंद्र बांदा के अंतर्गत 220/132 केवी विद्युत उपकेंद्र तथा स्पोर्ट्स स्टेडियम में मरम्मत एवं नवनिर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड की निर्माण इकाई-13 को कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समय से पहले पूरा कराने के निर्देश दिए गए। पर्यटन विकास के अंतर्गत महर्षि वेदव्यास की जन्मस्थली, यमुना नदी पर स्नान घाट और सिद्ध बाबा स्थल के विकास कार्यों को भी शीघ्र पूरा कराने पर जोर दिया गया। मेडिकल कॉलेज और आईटीआई के कार्य दिसंबर तक पूरे करने के निर्देश
शिक्षा एवं कौशल विकास से जुड़ी परियोजनाओं की समीक्षा में हाईस्कूल सिंगपुर का निर्माण शीघ्र पूरा कराने तथा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), मोतिहारी में आधुनिक कार्यशाला और प्रशिक्षण सुविधाओं का निर्माण दिसंबर 2026 तक पूरा कराने के निर्देश दिए गए। राजकीय मेडिकल कॉलेज में 100 शैय्यायुक्त क्रिटिकल केयर ब्लॉक और 60 सीटों वाले नर्सिंग कॉलेज का निर्माण भी दिसंबर तक पूरा कराने के लिए उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड को निर्देशित किया गया।
राजकीय पॉलिटेक्निक नरैनी में टाटा टेक्नोलॉजी से संबंधित निर्माण कार्य को जून 2027 तक पूरा कराने को कहा गया। मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय बसहरी के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश भी संबंधित कार्यदायी संस्था को दिए गए। इसके अलावा बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में 200 शैय्यायुक्त बालक छात्रावास और 100 शैय्यायुक्त बालिका छात्रावास के निर्माण कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने पर जोर दिया गया। पेयजल, पुल और सड़क परियोजनाओं की भी हुई समीक्षा
नगरीय पेयजल परियोजनाओं के अंतर्गत अतर्रा नगर पालिका परिषद की पुनर्गठन पेयजल योजना और नगर पंचायत ओरन में पेयजल आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान अधिशासी अभियंता जल जीवन मिशन ने ओरन में दीपावली से पूर्व पेयजल आपूर्ति शुरू कराने का आश्वासन दिया। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम द्वारा यमुना नदी और बबेरू-मरका मार्ग पर बनाए जा रहे दीर्घ सेतुओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए इन्हें प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। बबेरू में बस स्टेशन निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए यूपी सिडको को निर्देशित किया गया। जिला कारागार में 30 क्षमता वाली चार बैरकों, होमगार्ड विभाग के जिला एवं मंडलीय कार्यालय भवनों तथा विधि विज्ञान प्रयोगशाला के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। लोक निर्माण विभाग के सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए गए। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की परियोजनाओं के साथ 1,750 असफल राजकीय नलकूपों के पुनर्निर्माण कार्य को भी शीघ्र पूरा कराने को कहा गया। विद्युत कनेक्शन की बाधाएं दूर करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि विभिन्न निर्माण परियोजनाओं में लंबित विद्युत कनेक्शन और अन्य विद्युत संबंधी कार्यों की विस्तृत सूची उपलब्ध कराई जाए। जिन परियोजनाओं का निर्माण या संचालन विद्युत कार्य लंबित होने के कारण प्रभावित हो रहा है, उनकी पहचान कर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाए। बजट की कमी वाली परियोजनाओं के लिए शासन को भेजेंगे पत्र
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने कहा कि जिन परियोजनाओं में बजट के अभाव में कार्य रुका हुआ है अथवा प्रगति प्रभावित हो रही है, संबंधित विभाग उनका विस्तृत विवरण प्रस्तुत करें। आवश्यक धनराशि के आवंटन के लिए शासन स्तर पर पत्राचार किया जाएगा, जिससे अधूरे निर्माण कार्यों को पूरा कराया जा सके।
बैठक में दशमोत्तर छात्रवृत्ति, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, बेसिक शिक्षा और एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने तथा फैमिली आईडी के कार्य में जनपद की रैंकिंग सुधारने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय से पहुंचाने और विभागीय कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता के मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और जनहितकारी परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।