एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे ग्राहकों को भनक तक नहीं लगती थी कि मशीन में पहले से छेड़छाड़ की गई है। ग्राहक पूरी प्रक्रिया करने के बाद भी नकदी न मिलने पर वापस लौट जाते थे और उनके जाने के बाद आरोपी एटीएम में फंसी रकम निकालकर फरार हो जाते थे। इस तरीके से नकदी चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस को यह सफलता मिली। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज तथा इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की। 13 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर दोनों को महोखर बाईपास से गिरफ्तार किया गया। मामले की शुरुआत 10/11 नवंबर की रात की घटना से हुई थी। परशुराम तालाब निवासी वीरेंद्र कुमार बंगालीपुरा स्थित एटीएम से 15 हजार रुपये निकालने पहुंचे थे। उन्होंने पूरी प्रक्रिया पूरी की, लेकिन मशीन से रुपये बाहर नहीं आए। उन्हें एटीएम में गड़बड़ी और छेड़छाड़ का संदेह हुआ। इसी दौरान एक अन्य व्यक्ति ने भी पांच रुपये निकालने के बावजूद नकदी नहीं मिलने की जानकारी दी। इसके बाद 11 नवंबर को कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन पुत्र अशोक निवासी बवारा सवारा और अजय पुत्र रामदास निवासी कंचन पुरवा, थाना गाजीपुर, जनपद फतेहपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एटीएम के कैश डिस्पेंसिंग स्लॉट के सामने लगे कवर को प्लास से क्षतिग्रस्त कर देते थे। इसके बाद टेप और फेवीक्विक की मदद से उसमें कृत्रिम शटर लगा देते थे और कवर को दोबारा चिपका देते थे। बाहर से मशीन सामान्य दिखाई देती थी, लेकिन ग्राहक जब रुपये निकालता तो मशीन नकदी जारी करने के बावजूद उसे ग्राहक तक नहीं पहुंचा पाती थी। रुपये कृत्रिम शटर में फंस जाते थे। ग्राहक के चले जाने के बाद आरोपी कवर खोलकर फंसी हुई नकदी निकाल लेते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एटीएम से छेड़छाड़ कर निकाले गए 5960 रुपये, एक मोटरसाइकिल, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, पांच एटीएम कार्ड और वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद किए हैं। बरामद औजारों में एक प्लास, तीन प्लेट, टेप के तीन बंडल, सिल्वर स्प्रे पेंट, तीन रबर, फेवीक्विक, बिजली का एक टेप और एक बैग शामिल है। बीएनएस की धाराओं में दर्ज है मुकदमा
इस मामले में कोतवाली नगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 581/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 303(2), 319(2), 334(2) और 317(2) में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने अन्य किन स्थानों पर इसी तरीके से वारदातों को अंजाम दिया है। उनके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी
गिरफ्तारी करने वाली टीम में कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक बलराम सिंह, मंडी समिति चौकी प्रभारी आकाश शुक्ला, कांस्टेबल नवीन कुमार यादव, प्रशांत कुमार और सौरभ शामिल रहे।