दिल्ली-आधी रात गोलियों की गूंज, मुठभेड़ के बाद गैंगस्टर चीनू गिरफ्तार

SHARE:

दिल्ली में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में वांछित गैंगस्टर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रकाश उर्फ आकाश उर्फ चीनू (30) के रूप में हुई है। वह नबी करीम थाने का घोषित बदमाश है और काफी समय से पुलिस की तलाश में था। यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) ने की।
घटना 12 और 13 नवंबर की मध्यरात्रि पटेल नगर स्थित शादिपुर फ्लाईओवर के पास हुई। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी इलाके में मौजूद है। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस टीम पर गोली चला दी। इस दौरान एक गोली सिपाही मुकुल के हाथ के पास से निकल गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो आरोपी के दाहिने पैर में लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जांच में सामने आया कि आरोपी सितंबर में बाबा रामदेव जी की शोभायात्रा के दौरान सदर बाजार और नबी करीम इलाके में हुए दो गुटों के बीच हिंसक विवाद के मामले में वांछित था। इस दौरान प्रकाश उर्फ चीनू और विकास कालिया गैंग के बीच विवाद हुआ था, जो पथराव, मारपीट और गोलीबारी तक पहुंच गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और शस्त्र अधिनियम समेत करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ अदालत से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 84 के तहत भी कार्रवाई शुरू की गई थी।
गैंगवार से जुड़ा है मामला
13 सितंबर को बाबा रामदेव जी की जयंती पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान दोनों गुटों के बीच विवाद हुआ था। इस घटना के बाद सदर बाजार और नबी करीम क्षेत्रों में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। मामले में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे।
पहले भी गिरफ्तार हुए थे दूसरे गुट के सदस्य
इससे पहले 28 सितंबर को पुलिस ने विकास कालिया गैंग के दो सदस्यों मुकेश और आकाश उर्फ मट्ठी को पहाड़गंज के करनैल सिंह स्टेडियम के पास मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की थी। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्यवाही जारी है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई