किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और कृषि को वैज्ञानिक तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से पीएम किसान उत्सव दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की जानकारी देने के साथ ही उन्नत खेती, फसल प्रबंधन और कृषि विविधीकरण के बारे में बताया गया।
शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सजीव प्रसारण कृषि विज्ञान केंद्र के प्रशिक्षण कक्ष में किसानों को दिखाया गया। केंद्र के अध्यक्ष डॉ. श्याम सिंह ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि पीएम किसान उत्सव दिवस के साथ केंद्र द्वारा खेत बचाओ अभियान और मिशन फॉर आत्मनिर्भरता इन पल्सेस कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना फरवरी 2019 में शुरू की गई थी। इसके तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। योजना के तहत अब तक 3.91 लाख करोड़ रुपये किसानों के खातों में हस्तांतरित किए जा चुके हैं। 30 अक्टूबर को योजना की 24वीं किस्त के रूप में 9.34 करोड़ किसानों के खातों में 18,690 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए जाने की जानकारी दी गई। किसानों को वैज्ञानिक खेती और बीज शोधन की दी जानकारी
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि विश्वविद्यालय के निदेशक प्रसार डॉ. एनके बाजपेयी ने किसानों से सम्मान निधि की धनराशि का उपयोग कृषि निवेश खरीदने में करने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एसवीएस राजू ने किसानों को विश्वविद्यालय और कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों से जुड़कर लाभ उठाने की बात कही। उन्होंने मृदा एवं जल संरक्षण के लिए मेड़बंदी, कृषि विविधीकरण, हरी खाद और जैविक उर्वरकों के प्रयोग पर जोर दिया। मिशन फॉर आत्मनिर्भरता इन पल्सेस योजना के तहत चयनित किसानों को कुलपति ने चना, मटर और मसूर की प्रजातीय प्रदर्शनों के लिए बीज उपलब्ध कराए। इसके साथ ही मटर की वैज्ञानिक खेती विषय पर कृषक प्रशिक्षण आयोजित किया गया। केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. श्याम सिंह ने मटर की उन्नतशील प्रजातियों, बुवाई से कटाई तक की वैज्ञानिक कृषि क्रियाओं, बीज शोधन और खरपतवार प्रबंधन की जानकारी दी। पादप सुरक्षा वैज्ञानिक डॉ. चंचल सिंह ने मटर की फसल में लगने वाले कीटों और बीमारियों के कारण तथा उनकी रोकथाम के उपाय बताए। गृहविज्ञान वैज्ञानिक डॉ. प्रज्ञा ओझा ने पोषक थाली के महत्व, उसके प्रमुख अवयवों और पोषण वाटिका की जानकारी दी। प्रसार वैज्ञानिक डॉ. दीक्षा पटेल ने मोबाइल एप के माध्यम से किसानों की समस्याओं के समाधान और कृषि विज्ञान केंद्र से जुड़ने के तरीकों पर चर्चा की। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के निदेशक प्रशासन एवं अनुश्रवण डॉ. नरेंद्र सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। आयोजन में केंद्र के ई. अजीत कुमार निगम, धनश्याम यादव, कमल नारायण बाजपेयी, डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा, अंकिता निगम, चन्द्रशेखर और विकास गुप्ता का विशेष योगदान रहा।