बाँदा-आध्यात्मिक जागृति और मानवता के संदेश के साथ संपन्न हुआ निरंकारी संत समागम

SHARE:

आध्यात्मिक जागृति, प्रेम, भक्ति और मानवता के संदेश के साथ 79वां वार्षिक निरंकारी संत समागम संपन्न हुआ। समापन दिवस पर श्रद्धालुओं को ब्रह्मज्ञान की शिक्षाओं को अपने विचारों, व्यवहार और कर्मों में अपनाने की प्रेरणा दी गई। चार दिवसीय आयोजन में आध्यात्मिक प्रवचनों के साथ विभिन्न भाषाओं में काव्य प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।
सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज ने समापन दिवस पर उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि ब्रह्मज्ञान की वास्तविक सार्थकता उसे जीवन में अपनाने और अपने विचारों, व्यवहार एवं कर्मों में शामिल करने में है। उन्होंने कहा कि जागृति केवल सत्संग या समागम तक सीमित नहीं है, बल्कि निराकार परमात्मा के एहसास के साथ जीवन जीने का नाम है। उन्होंने सकारात्मक सोच, प्रेम, करुणा और विनम्रता अपनाने तथा दूसरों की कमियों के बजाय उनकी खूबियों को देखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सच्ची जागृति की शुरुआत घर-परिवार और निजी जीवन से होती है। सेवा, सुमिरन और सत्संग को जीवन का अभिन्न अंग बनाकर हर परिस्थिति में परमात्मा का एहसास बनाए रखना चाहिए।
कवि दरबार में विभिन्न भाषाओं की कविताओं ने किया आकर्षित 
समागम के चारों दिन आयोजित कवि दरबार में बाल कवियों सहित महिला और पुरुष कवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान 80 कवियों ने जागृति विषय पर आधारित अपनी स्वरचित कविताएं हिंदी, राजस्थानी, पंजाबी, अंग्रेजी, हरियाणवी, मुल्तानी, मराठी, भोजपुरी और संस्कृत सहित विभिन्न भाषाओं में प्रस्तुत कीं। इन काव्य प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को आकर्षित किया।
आयोजन में सहयोग देने वालों का जताया आभार
संत निरंकारी मंडल के सचिव जोगिंदर सुखीजा ने सतगुरु माता जी और निरंकारी राजपिता जी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने समागम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सरकारी विभागों और साध-संगत का आभार जताया। उन्होंने पिछले वर्षों की अपेक्षा इस वर्ष अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और भविष्य में भी संगत की संख्या बढ़ने की मंगलकामना की। जोनल इंचार्ज कन्हैया लाल के अनुसार, 79वां वार्षिक निरंकारी संत समागम आध्यात्मिक जागृति, सद्भाव, प्रेम और मानवता के संदेश के साथ संपन्न हुआ। आयोजन ने अनेकता में एकता और संपूर्ण मानवता को एक सूत्र में पिरोने का संदेश दिया।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई