शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट नेतृत्व, शैक्षणिक योगदान और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता के लिए एक महाविद्यालय के प्राचार्य को प्रतिष्ठित लीडरशिप अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान 25 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित विश्व स्तरीय शैक्षणिक नेतृत्व शिखर सम्मेलन एवं पुरस्कार समारोह में प्रदान किया गया। कार्यक्रम में देश-विदेश के लगभग 300 शिक्षाविदों ने सहभागिता की।
बबेरू स्थित सुकदेव सिंह लवकुश महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बृजेश कुमार गुप्ता ‘मेवादेव’ को वर्ल्ड अलायंस ऑफ स्कूल प्रिंसिपल्स (डब्ल्यूएएसपी) इंडिया स्कूल लीडरशिप समिट एंड अवार्ड्स 2026 में यह सम्मान मिला। महाविद्यालय वर्ष 2001 से बुंदेलखंड क्षेत्र में उच्च शिक्षा के प्रसार में योगदान दे रहा है। संस्थान ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ उनके बौद्धिक, नैतिक और व्यक्तित्व विकास के लिए कार्य कर रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए मिला सम्मान
डॉ. बृजेश कुमार गुप्ता को यह सम्मान शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति उनके योगदान के लिए प्रदान किया गया। सम्मेलन के आयोजन में डब्ल्यूएएसपी की अध्यक्ष डॉ. दीपशिखा पाठक, संस्थापक डॉ. एन.के. सिन्हा और संस्थापक सदस्य पीयूष पंडित की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सम्मेलन में शैक्षणिक नेतृत्व, नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और भविष्य के लिए सक्षम शिक्षार्थियों के निर्माण से जुड़े विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ। अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक उपलब्धियों से भी बनाई पहचान
डॉ. गुप्ता शिक्षाविद् होने के साथ कवि, लेखक, संपादक और शोधकर्ता भी हैं। वह वर्तमान में वर्ल्ड यूनियन ऑफ पोएट्स, इटली के महासचिव हैं। उन्हें वर्ष 2025 में लेबनान का नाजी नामन साहित्यिक पुरस्कार, 2024 में इटली का सिटा डेल गैलेटियो–एंटोनियो डी फेरारीस अंतरराष्ट्रीय उत्कृष्टता पुरस्कार और 2023 में सर्बिया का अपोलोन सिरमिएन्सिस अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुका है। उनके सम्मान में बिरलैंड की ओर से विशेष डाक टिकट जारी किया जाना भी उनकी उपलब्धियों में शामिल है। विभिन्न देशों की संस्थाओं ने उन्हें साहित्य के क्षेत्र में मानद डॉक्टरेट की उपाधियां प्रदान की हैं। उनके साहित्यिक योगदान पर अतर्रा पीजी कॉलेज, बांदा के एमएड छात्र मान सिंह लघु शोध भी प्रस्तुत कर चुके हैं। सम्मान मिलने पर डॉ. गुप्ता ने डब्ल्यूएएसपी की अध्यक्ष डॉ. दीपशिखा पाठक, संस्थापक डॉ. एन.के. सिन्हा, संस्थापक सदस्य पीयूष पंडित और संगठन के सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ शिक्षा, साहित्य और मानवता के प्रति जिम्मेदारियों को और अधिक समर्पण से निभाने की प्रेरणा है। उन्होंने सम्मान को अपने गुरुजनों, साहित्यिक साथियों, परिजनों, मित्रों, शुभचिंतकों और महाविद्यालय परिवार को समर्पित किया। जनप्रतिनिधियों और शिक्षाविदों ने दी बधाई
डॉ. बृजेश कुमार गुप्ता ‘मेवादेव’ की उपलब्धि पर पूर्व विधायक चंद्रपाल कुशवाहा, विधायक प्रकाश द्विवेदी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, साहित्यकारों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी। इस सम्मान को महाविद्यालय और बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया गया।
2 thoughts on “बाँदा-प्राचार्य को मिला लीडरशिप 2026 अवार्ड”
Smita shankar ,banglore ,plz give your contect no
9450372899