मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक कटी हुई मोटरसाइकिल की चेचिस और अन्य पुर्जे बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कमासिन पुलिस ने 11 और 12 अक्टूबर की रात गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर बबेरू रोड कस्बा कमासिन से कमल पुत्र नरेश निवासी कस्बा कमासिन को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से एक चोरी की मोटरसाइकिल, एक कटी हुई मोटरसाइकिल की चेचिस, दो रिम और एक साइलेंसर बरामद किया। साथ ही एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, बबेरू क्षेत्र निवासी राजकुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पांच अक्टूबर को मढ़ीदाई देवी मंदिर के पास से उनकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। जांच के दौरान पता चला कि 10 अक्टूबर को चित्रकूट के प्राचीन मुखारबिंद की सीढ़ियों के पास से भी मोटरसाइकिल चोरी की गई थी। पुलिस इन घटनाओं के संबंध में आगे की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार कमल के खिलाफ बबेरू थाने में पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं। इनमें एक मुकदमा वर्ष 2025 में मारपीट, नुकसान पहुंचाने और धमकी देने से संबंधित धाराओं में दर्ज है, जबकि दूसरा मुकदमा वर्ष 2026 में मारपीट, धमकी और एससी-एसटी अधिनियम के तहत दर्ज किया गया था। पकड़ने वाली टीम में यह रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में कमासिन थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष ओझा, हेड कांस्टेबल सत्येंद्र कुमार और कांस्टेबल देवांश चौहान शामिल रहे। मामले में बबेरू थाने में मुकदमा अपराध संख्या 330/26 धारा 303(2) बीएनएस तथा कमासिन थाने में मुकदमा अपराध संख्या 267/26 धारा 317(2) बीएनएस के तहत दर्ज है।