पुलिस लाइन में तैनात सिपाही का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतरवाया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। प्रथमदृष्टया पुलिस मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है।
मामला राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के पास का है। यहां पुलिस लाइन में मेस मुंशी के पद पर तैनात सिपाही संदीप कुमार का शव उसके कमरे में खिड़की की ग्रिल से फंदे पर लटका मिला। संदीप कुमार मूल रूप से मऊ जिले का रहने वाला था। बताया गया कि संदीप दो दिन की छुट्टी लेकर अपने घर गया था और गुरुवार को ही वापस अंबेडकरनगर लौटा था। इसके अगले ही दिन शुक्रवार सुबह उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। पारिवारिक कलह को वजह मान रही पुलिस
एएसपी तेजवीर सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पारिवारिक कलह को घटना की वजह माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारण स्पष्ट करने के लिए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजन जिला अस्पताल के लिए रवाना हो गए हैं। सिपाही की मौत की खबर से पुलिस महकमे में भी शोक का माहौल है।