शुक्रवार सुबह एक युवक की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में तनाव फैल गया। आक्रोशित परिजनों ने युवक का शव सड़क पर रखकर मार्ग जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभालने के साथ आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
मामला जौनपुर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र स्थित रामदयालगंज बाजार का है। यहां शुक्रवार सुबह 22 वर्षीय विशाल यादव पर रॉड से हमला किया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बाजार में तनाव का माहौल बन गया। हत्या से आक्रोशित परिजनों ने विशाल यादव का शव सड़क पर रखकर जौनपुर-मड़ियाहूं मार्ग जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। परिवार के लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। भारी पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव और एएसपी ग्रामीण आतिश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तनाव को देखते हुए भारी पुलिस फोर्स के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम को भी मौके पर लगाया गया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर जाम खुलवाने का प्रयास किया। पुलिस की ओर से बताया गया कि घटना में शामिल दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। आरोपियों की तलाश में दबिश
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे की वजह और वारदात में शामिल सभी लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द पकड़ने के लिए कार्रवाई की जा रही है।