घर में सो रहे अधेड़ की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। रात में मोबाइल चार्ज करने के लिए कमरे में पहुंची पोती ने चारपाई पर खून से लथपथ शव देखा तो परिजनों को जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम तथा डॉग स्क्वॉड ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
हमीरपुर जिले के मुस्करा थाना क्षेत्र के बिहूनी गांव में शुक्रवार रात करीब 12 बजे परिवार के लोग घर में सो रहे थे। इसी दौरान 68 वर्षीय ठाकुरदास अहिरवार भी अपने कमरे में सो गए। रात करीब दो बजे उनकी पोती मोबाइल चार्ज करने के लिए कमरे में गई। वहां खून पड़ा देखकर वह घबरा गई और उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन कमरे में पहुंचे तो ठाकुरदास अहिरवार चारपाई पर पड़े मिले और उनके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। परिवार ने तत्काल घटना की जानकारी ग्राम प्रधान को दी। ग्राम प्रधान की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी राठ और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वॉड की मदद से भी हत्यारे तक पहुंचने के लिए सुराग तलाशे गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे नरेश ने बताया कि परिवार को हत्या के संबंध में कोई जानकारी नहीं है और उन्हें किसी पर शक भी नहीं है। पुलिस हत्या की वजह और वारदात को अंजाम देने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है। जल्द खुलासे का पुलिस ने किया दावा
क्षेत्राधिकारी राठ राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस घटना का जल्द खुलासा करने के प्रयास में जुटी है। खुलासे को लेकर एसपी ने सीओ के नेतृत्व में कई टीमें लगाई है।