आवारा कुत्तों को चाउमीन का बचा सामान खिलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते फायरिंग तक पहुंच गया। आरोप है कि दबंग ने लाइसेंसी पिस्टल से युवक पर गोली चला दी। युवक ने भागकर जान बचाई तो कुछ देर बाद पहुंची कार पर भी फायरिंग कर दी गई। गोली लगने से कार का अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।
हमीरपुर के विवेक नगर मोहल्ले में सोमवार रात यह घटना हुई। रमेड़ी चौराहा निवासी आशीष साहू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अकिल तिराहे पर चाउमीन का ठेला लगाते हैं। रात करीब 11:20 बजे ठेला बंद करने के बाद बचा हुआ सामान लेकर एचडीएफसी बैंक के सामने स्थित अपनी किराये की गुमटी पर पहुंचे थे। वहां वह बचा हुआ सामान आवारा कुत्तों को डाल रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान शशिकांत तिवारी वहां पहुंचे और गालीगलौज करने लगे।
आरोप है कि विरोध करने पर शशिकांत तिवारी और उनके दो अज्ञात साथियों ने लाइसेंसी पिस्टल से आशीष पर फायर कर दिया। आशीष ने भागकर अपनी जान बचाई और परिजनों को सूचना दी। इसके कुछ देर बाद उसका पारिवारिक भतीजा अर्पित साहू कार से मौके पर पहुंचा। आरोप है कि शशिकांत तिवारी दोबारा वहां पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। डर के कारण आशीष और अर्पित कार में बैठ गए। इसके बाद कार को निशाना बनाकर गोली चलाई गई, जिससे कार का अगला शीशा टूट गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। भीड़ जुटने पर आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के करीब 10 से 15 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। प्रारंभिक तौर पर सीसीटीवी फुटेज में तीन राउंड फायरिंग की बात सामने आई है। हालांकि फायरिंग में कितने राउंड चले और किसी को गोली से चोट लगी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग का आरोप
पीड़ित की तहरीर के आधार पर शशिकांत तिवारी और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ जान से मारने का प्रयास, आपराधिक धमकी और जानबूझकर अपमान कर शांति भंग के लिए उकसाने समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस लाइसेंसी हथियार के दुरुपयोग के पहलू की भी जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की विवेचना पुलिस अधिकारी सुरेंद्र पटेल कर रहे हैं।