फतेहपुर-पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, एक लाख का इनामी गैंगस्टर भाई समेत गिरफ्तार

SHARE:

गोकशी की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम का बदमाशों से आमना-सामना हो गया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक लाख रुपये का इनामी गैंगस्टर और उसका भाई गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करने के साथ मौके से भाग रहे तीन अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया।
फतेहपुर के हथगाम थाना क्षेत्र में पट्टीशाह गांव के पास धोबी तालाब किनारे सोमवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के मुताबिक, गश्त के दौरान बाग में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पट्टीशाह निवासी एक लाख रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर एवं गैंगस्टर रियाज कुरैशी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसके भाई इसरार कुरैशी के बाएं पैर में गोली लगी। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार रियाज कुरैशी के खिलाफ 33 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उसके भाई इसरार पर 15 से अधिक मुकदमे बताए गए हैं। मुठभेड़ के दौरान उनके तीन साथी मौके से भागने का प्रयास कर रहे थे, जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शंकर साहू निवासी पट्टीशाह, रेहान उर्फ छोटू निवासी बाकरगंज और हनीफ निवासी पीरनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, चोरी की बाइक, एक अन्य बाइक, लोहे का चापड़, दो चाकू, रस्सी, तिरपाल, काली पॉलीथीन और एक जीवित गोवंश बरामद किया है।
एक लाख का इनामी बदमाश घायल
पुलिस के मुताबिक रियाज कुरैशी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल था और उसके खिलाफ विभिन्न थानों व जिलों में 33 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
तीन अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घेराबंदी कर तीन अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया। बरामद असलहों, वाहनों और अन्य सामान के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई