फेसबुक पर हुई दोस्ती प्यार और शादी के रिश्ते तक पहुंच गई। दोनों परिवारों की सहमति से गोद भराई की रस्म भी हो गई, लेकिन इसके बाद शादी की तारीख लगातार टलती रही। शक होने पर युवक युवती के घर पहुंचा तो उसके आरोप के मुताबिक उसे युवती के पहले से शादीशुदा होने की जानकारी हुई। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत कर दी।
कन्नौज के काजिहार निवासी युवती से हरदोई जिले के कछौना कोतवाली क्षेत्र के कंधा लोनाडा गांव निवासी अमरीष कुमार की फेसबुक के माध्यम से जान-पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों शादी के लिए राजी हो गए। परिवारों की सहमति से गोद भराई की रस्म हुई। अमरीष के मुताबिक, इस दौरान उसने युवती को सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े, मिठाई समेत अन्य कीमती सामान दिया था। शादी की तारीख टलती रही, बढ़ता गया शक
अमरीष का आरोप है कि गोद भराई के बाद युवती के परिजन शादी की तारीख लगातार टालते रहे। इससे उसे शक हुआ। वह युवती के घर पहुंचा तो उसके मुताबिक वहां उसे युवती के पहले से शादीशुदा होने की जानकारी मिली। इसके बाद अमरीष ने गोद भराई में दिए गए सामान और जेवर वापस मांगे। आरोप है कि इस दौरान युवती और एक युवक ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट का प्रयास किया। पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
अमरीष ने रविवार को पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर गोद भराई में दिए गए जेवर, कपड़े और अन्य सामान वापस दिलाने के साथ कार्रवाई की मांग की है। कन्नौज पुलिस के कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही हैं। जो तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर कार्यवाही की जायेगी।