भटकता मिला दो वर्षीय बच्चा ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस की सक्रियता से सकुशल अपने परिजनों तक पहुंच गया। बच्चा बोलने में असमर्थ था। नौ अगस्त को थाना बबेरू की पीआरवी-9199 को सूचना मिली कि कस्बे में एक दो वर्षीय बच्चा अकेला मिला है। सूचना मिलते ही पीआरवी टीम के कमांडर आरक्षी इकरार, सब-कमांडर महिला आरक्षी अंजली और चालक आरक्षी रमेश यादव मौके पर पहुंचे। टीम ने बच्चे को सुरक्षित अपने साथ लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिसकर्मियों ने लगातार प्रयास कर बच्चे के माता-पिता का पता लगाया और आवश्यक जानकारी की पुष्टि के बाद मासूम को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। बच्चे को वापस पाकर परिजन भावुक हो गए और पुलिस टीम की तत्परता व संवेदनशीलता की सराहना करते हुए हृदय से धन्यवाद दिया। साथ ही पुलिस का आभार जताया।