चित्रकूट के चर्चित देवांगना घाटी गैंगरेप मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे ₹50 हजार के इनामी आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। वहीं गोली लगने से सिपाही घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, थाना बहिलपुरवा में दर्ज मुकदमा संख्या 38/2026, धारा 70(1), 115(2) एवं 351(3) बीएनएस के तहत दर्ज इस जघन्य अपराध में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार सुरागरसी, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम की आरोपी से मुठभेड़ हो गई, जिसमें वह घायल हो गया। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेन्द्र उर्फ भोले पुत्र देवराज, निवासी कल्ला शिवरामपुर, थाना कोतवाली कर्वी, जनपद चित्रकूट के रूप में हुई है। गौरतलब हो कि विगत दिनों चित्रकूट के देवांगना घाटी क्षेत्र में एक युवती अपने प्रेमी के साथ घूमने गई थी। आरोप है कि तीन युवकों ने दोनों को रोक लिया, प्रेमी को बंधक बना लिया और युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने गैंगरेप सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए चित्रकूटधाम परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) राजेश एस ने तीनों आरोपियों पर ₹50-50 हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने अब एक इनामी आरोपी जितेन्द्र उर्फ भोले को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि विवेक कुमार पटेल और प्रवीण पटेल अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में फरार दोनों आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इधर गिरफ्तारी के लिए डीआईजी राजेश एस ने कई टीमे लगाई है।