झांसी-‘फैसला नहीं किया तो अपहरण करा दूंगा’,न्यायिक अधिकारी को मिली धमकी

SHARE:

न्यायिक आदेश अपने पक्ष में न होने पर एक व्यक्ति ने अपर जिला मजिस्ट्रेट (न्यायिक) को मोबाइल फोन पर अपहरण की धमकी दे डाली। आरोपी ने राजस्थान से बदमाश बुलाकर अपहरण कराने की धमकी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीपरी बाजार थाना पुलिस ने आरोपी बुजपाल सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अपर जिला मजिस्ट्रेट (न्यायिक) अरुण कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 जुलाई की सुबह 9:43 बजे उनके मोबाइल फोन पर बुजपाल सिंह का कॉल आया। आरोप है कि उसने न्यायालय में विचाराधीन एक मामले में अपने पक्ष में आदेश करने का दबाव बनाया। जब ऐसा नहीं होने की बात कही गई तो आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि यदि उसके पक्ष में फैसला नहीं हुआ तो वह राजस्थान से बदमाश बुलाकर उनका अपहरण करा देगा। तहरीर में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और न्यायिक कार्य को प्रभावित करने का प्रयास किया। इससे न केवल न्यायिक कार्य में बाधा पहुंचाने का प्रयास हुआ, बल्कि न्यायिक अधिकारी की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गए। शिकायत मिलने के बाद सीपरी बाजार थाना पुलिस ने आरोपी बुजपाल सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि न्यायिक अधिकारी को धमकी देने के मामले को गंभीरता से लिया गया है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई